Home Maharashtra ऑपरेशन ‘समुद्र सेतु-२’ में जुटी भारतीय नौसेना

ऑपरेशन ‘समुद्र सेतु-२’ में जुटी भारतीय नौसेना

237
0

मुंबई, वैश्विक कोरोना महामारी से जंग में उतरी भारतीय नौसेना ने ऑपरेशन ‘समुद्र सेतु-२’ शुरू किया है। नेवी के मुंबई, विशाखापट्टनम और कोच्चि स्थित नेवल कमांड से मित्र देशों में पहुंची जंगी जहाजों ने अपना काम शुरू कर दिया है। पर्शियन गल्फ और साउथ ईस्ट एशिया से समुद्री मार्ग से ऑक्सीजन और अन्य मेडिकल उपकरण भारत लाए जा रहे हैं।
भारतीय नौसेना की ९ जंगी जहाजों पर तैनात सैनिक ऑपरेशन समुद्र सेतु-२ में अहम भूमिका निभा रहे हैं। भारतीय नौसेना से मिली जानकारी के अनुसार पश्चिमी समुद्र मार्ग से नेवी का युद्धपोत आईएनएस तलवार २७ टन लिक्विड ऑक्सीजन का दो टैंक लेकर कर्नाटक के न्यू मंगलौर बंदरगाह पर पहुंचा है। आईएनएस कोलकाता कुवैत से २७ टन लिक्विड ऑक्सीजन का दो टैंक, ४०० ऑक्सीजन सिलिंडर, ४७ ऑक्सीजन कौंस्ट्रेटर मशीन और अन्य मेडिकल उपकरण लेकर भारत की ओर रवाना हुआ है। इसी तरह भारतीय नौसेना के चार जंगी जहाज कुवैत और कतर से २७ टन लिक्विड ऑक्सीजन टैंक और १,५०० से अधिक ऑक्सीजन सिलिंडर लेकर जल्द भारत पहुंचनेवाले हैं।
आईएनएस ऐरावत सिंगापुर से ३ हजार से ज्यादा ऑक्सीजन सिलिंडर, २७ टन लिक्विड ऑक्सीजन के आठ टैंक, १० हजार से ज्यादा रैपिड एंटीजन टेस्ट किट और ७ कौंस्ट्रेटर मशीन लेकर भारत की ओर रवाना हुई है। इसी तरह आईएनएस जलाश्व युद्धनौका मौजूदा समय में एशिया के समुद्र में तैनात है। जरूरत पड़ते ही उसे भी मेडिकल उपकरणों को लाने के लिए विदेश भेजा जाएगा। आईएनएस शार्दूल भी विदेश से तीन लिक्विड ऑक्सीजन से भरे क्रायोजेनिक कंटेनर्स लेकर आ रही है। आईएनएस जलाश्व और आईएनएस शार्दूल पिछले वर्ष समुद्र सेतु अभियान में शामिल हुई थी। ‌पिछले वर्ष नौसेना ने समुद्र सेतु अभियान चलाकर हिंद महासागर में फंसे भारतीय नागरिकों को अपने देश लाया था। उसी तरह भारतीय नौसेना समुद्र सेतु-२ अभियान चलाकर कोरोना के संकट में देश सेवा में लगी हुई है।