पालघर, १७ मई को अरब सागर में आए तौकते तूफान ने खूब तबाही मचाई है, पर मामला अभी थमा नहीं है। तूफान में भटककर पालघर के पास चट्टानों के बीच एक जहाज फंसा हुआ है। चट्टान से टकराने के कारण जहाज टूट गया है और उससे डीजल का रिसाव हो रहा है। समंदर को लग रहे इस डीजल के डंक से न सिर्फ समुद्री जीवों की जान को खतरा है, बल्कि इससे पर्यावरण को भी नुकसान पहुंचेगा।
गौरतलब है कि तौकते तूफान में अलीबाग से एक जहाज भटक कर पालघर जिले के वडराई तट से ५ किलोमीटर समुद्र के अंदर फंस गया है। वडराई का समुद्री तटीय क्षेत्र उबड़-खाबड़ चट्टानों से भरा हुआ है। किसी चट्टान में टकराने से यह जहाज क्षतिग्रस्त हो गया है। जहाज के टूटे हुए टुकड़े समुद्र में तैरते नजर आ रहे हैं। स्थानीय मछुआरों के अनुसार इस जहाज में करीब ८० हजार लीटर डीजल भरा हुआ है, जो समुद्र में तेजी से रिस रहा है। स्थानीय मछुआरों से मिली जानकारी के अनुसार, १७ मई को आए तौकते चक्रवाती तूफान में फंसने व तेज हवा के कारण इस जहाज के इंजिन में पानी चला गया था, जिससे जहाज बीच समुद्र में बंद पड़ गया था। इस जहाज पर कुल १३७ लोग सवार थे, जिन्हें भारतीय नेवी के जवानों ने हेलिकॉप्टर के माध्यम से रेस्क्यू किया था। इसके बाद यह जहाज पालघर के वडराई तट से करीब ५ किलोमीटर अंदर समुद्र में आकर चट्टानों के बीच फंस गया।
इस संदर्भ में ‘दोपहर का सामना’ ने पालघर फिशरीज के सहायक आयुक्त आनंद पलव से बात की, तो उन्होंने बताया कि इस जहाज का पंजीयन केंद्र सरकार के डायरेक्टर जनरल शिपिंग में हुआ है। इसके लिए इसकी मॉनिटरिंग मेरीटाइस बोर्ड और कोस्ट गार्ड की टीम कर रही है। जिलाधिकारी डॉ. मानिक गुरसल, उपप्रादेशिक बंदर अधिकारी कैप्टन खरा तथा पालघर फिशरीज के सहायक आयुक्त आनंद पालव के बीच लगातार बातचीत चल रही है। शनिवार शाम से जहाज को वहां से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। जहाज से रिस रहा तेल समुद्र में न फैले इसलिए एहतियातन जहाज के चारों तरफ वोमिंग (घेराव) कर दी गई है।
अलीबाग से निकला था जहाज
वडराई मछुआरा संघ के अध्यक्ष मनेंद्र आरेकर का कहना है कि बार्ज (जहाज) में हजारों लीटर डीजल होने की संभावना है। यह समुद्र के अधिकांश हिस्से को कवर कर सकता है। इससे मछुआरे चिंतित हैं। प्रशासन को जल्द-से-जल्द बार्ज से र्इंधन निकालने के लिए तत्काल कदम उठाना चाहिए। सातपाटी सागरी सुरक्षा पुलिस के सहायक निरीक्षक निरीक्षक सुधीर धायगुडे ने बताया कि यह बार्ज अलीबाग से निकला था। चक्रवर्ती तूफान में जहाज फंस गया था। हेलीकॉप्टर की मदद से इस जहाज से १३७ लोगों को बचाया गया था। जहाज से तेल का रिसाव हो रहा है। तेल को वहां से निकालने का प्रयास किया जा रहा है।





Users Today : 1
Users Yesterday : 18
Users Last 7 days : 344
Users Last 30 days : 833
Users This Month : 291
Users This Year : 9241
Total Users : 70448
Views Today : 1
Views Yesterday : 29
Views Last 7 days : 477
Views Last 30 days : 1081
Views This Month : 404
Views This Year : 10441
Total views : 106464
Who's Online : 0


