मुंबई, केंद्र सरकार की हठ और गलत नीतियों के चलते आने वाले वक्त में देश में महंगाई के विस्फोट से इंकार नहीं किया जा सकता। कल केंद्र सरकार ने घरेलू उत्पादित प्राकृतिक गैस की कीमतों में जहां ६२ प्रतिशत की अचानक से बढ़ोतरी कर दी, वहीं पेट्रोल-डीजल के अलावा कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों के दाम भी बढ़ा दिए। तेल और गैस के दामों में इस लगातार वृद्धि से पूरे देश में महंगाई का ‘बम‘ फूटना तय है। इस फैसले के बाद सीएनजी पीएनजी और फर्टिलाइजर की कीमतों में भी बेतहाशा वृद्धि होने के आसार हैं।
बता दें कि प्राकृतिक गैस का उपयोग उर्वरकों व बिजली उत्पादन के अलावा सीएनजी के तौर पर वाहनों में भी होता है। अब तो कई कमर्शियल वाहन भी सीएनजी से चलने लगे हैं। इसलिए इसका सीधा असर फसलों की लागत, फूड प्रोसेसिंग और ट्रांसपोर्टेशन पर तो पड़ेगा ही, साथ ही पेट्रोल-डीजल के लगातार महंगा होने से इसमें और भी वृद्धि होगी। कल देश में पेट्रोल-डीजल के दामों में २२ से ३२ पैसे प्रति लीटर की वृद्धि हुई। इतना ही नहीं कल से कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम भी ४६ रुपए प्रति सिलेंडर बढ़ा दिए गए हैं, जिससे रेस्टोरेंट्स, ढाबों और होटलों का खाना भी महंगा हो सकता है।
घरेलू उत्पादित प्राकृतिक गैस की कीमत बढ़ाकर एक अक्टूबर २०२१ से मार्च, २०२२ के लिए २.९० डॉलर प्रति मिलियन ब्रिटिश थर्मल यूनिट (एमबीटीयू) कर दी गई। गहरे पानी, अत्यंत गहरे पानी, ज्यादा दाब और ज्यादा ताप (जिसे कठिन कहा जाता है) की खोजों से उत्पादित प्राकृतिक गैस का अधिकतम दाम भी बढ़ाकर ६.१३ डॉलर प्रति एमबीटीयू कर दिया गया है। सरकार द्वारा अप्रैल, २०२१ से सितंबर, २०२१ की अवधि के लिए निर्धारित गैस की कीमत की तुलना में मौजूदा भाव करीब दोगुना है। इसका मतलब यह होगा कि पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) से मिलने वाली रसोई गैस और कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (सीएनजी) अब और महंगी हो जाएगी। उधर, कल १९ किलो वाले कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दाम भी ४३ रुपए बढ़ा दिए गए हैं। बता दें कि सितंबर महीने की शुरुआत में ही सरकारी तेल कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी की थी। इसके अलावा कल डीजल के दाम में जहां २९ से ३२ पैसे की बढ़ोत्तरी की गई तो वहीं पेट्रोल के दाम भी २२ से ३० पैसे बढ़ा दिए गए हैं। पेट्रोल-डीजल के लगातार बढ़ते दामों से लोग काफी परेशान हैं। जिस तरह से आए दिन इन दोनों के दाम बढ़ रहे हैं वो आम लोगों के लिए और मुसीबतें खड़ी कर रहा है, महंगाई में आग लगा रहा है। कल मुंबई में पेट्रोल की कीमत १०७.९५ रुपए व डीजल की कीमत ९७.८४ रुपए प्रति लीटर रही। मुंबई के अलावा कई ऐसे राज्य हैं जहां पेट्रोल के दाम सेंचुरी का आंकड़ा पार कर चुके हैं। इनमें बिहार, मध्यप्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, ओडिशा, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख शामिल हैं।





Users Today : 8
Users Yesterday : 57
Users Last 7 days : 394
Users Last 30 days : 871
Users This Month : 355
Users This Year : 9305
Total Users : 70512
Views Today : 8
Views Yesterday : 81
Views Last 7 days : 547
Views Last 30 days : 1133
Views This Month : 492
Views This Year : 10529
Total views : 106552
Who's Online : 0


