Home Crime गवाह किरण गोसावी की सहयोगी महिला गिरफ्तार, नौकरी के नाम पर ठगी...

गवाह किरण गोसावी की सहयोगी महिला गिरफ्तार, नौकरी के नाम पर ठगी का आरोप

131
0

मुंबई, चर्चित मुंबई क्रूज ड्रग्स केस में अहम गवाह बताए जा रहे किरण गोसावी के खिलाफ दर्ज धोखाधड़ी के केस में पुणे से एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। धोखाधड़ी का यह केस साल 2020 का है। पुणे कैन्टोन्मेंट पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने कहा कि कुसुम गायकवाड़ को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि जब कुछ लोगों के साथ नौकरी के नाम पर ठगी की गई तब कुछ हिस्सा उन्हें भी मिला था।
सीनियर इंस्पेक्टर अशोक कदम ने कहा कि साल 2020 में जो केस हमारे समक्ष दर्ज करवाया गया था उसमें 4.05 लाख रुपए की हेराफेरी की बात सामने आई थी। इसमें से लगभग 1.30 लाख रुपए गोसावी के अकाउंट में गए थे और बाकी रकम कुसुम गायकवाड़ को दिये गये थे। आरोप यह भी है कि कुसुम ने ही धोखाधड़ी के शिकार लोगों को गोसावी के पास भेजा था।
बताया जा रहा है कि इस केस में तीन लोगों के साथ धोखाधड़ी की गई थी। मलेशिया में नौकरी दिलाने के नाम पर इनसे 4.05 लाख रुपए ठगे गए थे। गोसावी के खिलाफ पुणे कैन्टोनमेंट थाने के अलावा वानवाडी और फरासखाना पुलिस स्टेशन में भी केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा उसपर भोसारी पुलिस स्टेशन में भी मामला दर्ज है।
लातूर के रहने वाले एक शख्स ने भोसारी थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी कि गोसावी ने उन्हें 2.25 लाख रुपए का चूना लगाया है। इस शख्स ने दावा किया ता कि गोसावी ने उन्हें जॉब देने के नाम पर ठगा है।
गोसावी 17 नवंबर तक पुलिस हिरासत में है। बता दें कि 2 अक्टूबर को एक क्रूज शिप पर नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा की गई छापेमारी के मामले में किरण गोसावी को एक अहम गवाह बताया जा रहा है। इस मामले में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को भी गिरफ्तार किया गया था। हालांकि, बाद में गोसावी को जमानत मिल गई थी।