Home Crime जिस क्रूज पर मिला था ड्रग्‍स, वही 60 कोरोना पॉजिटिव पर्यटकों को...

जिस क्रूज पर मिला था ड्रग्‍स, वही 60 कोरोना पॉजिटिव पर्यटकों को लेकर पहुंचा मुंबई

85
0

मुंबई. पिछले साल जिस कॉर्डेलिया क्रूज पर ड्रग्‍स पकड़ाने के बाद बॉलीवुड सुपर स्‍टार शाह रुख खान के बेटे आर्यन खान समेत अन्‍य की गिरफ्तारी हुई थी, वही क्रूज 60 कोरोना पॉजिटिव्‍स को लेकर मुंबई लौट आया है. इस क्रूज पर कुल 66 कोरोना पॉजिटिव्‍स मिले थे. इनमें से 6 को गोवा में क्‍वारंटीन किया गया है. यह क्रूज मुंबई से गोवा के बीच चलता है. गोवा से वापसी पर मंगलवार को इस क्रूज के पॉजिटिव यात्रियों को क्‍वारंटीन किया जाएगा. बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) की एक टीम ने सभी यात्रियों की स्‍क्रीनिंग करेगी.
बीएमसी की चिकित्सा अधिकारी प्राजक्ता अंब्रेकर ने बताया कि सभी पॉजिटिव यात्रियों को निर्धारित सुविधाओं पर आइसोलेशन में रखा जाएगा. उन्‍होंने कहा कि जहाज पर सवार अन्य सभी यात्रियों को आरटी-पीसीआर परीक्षण से गुजरना होगा और उनके COVID-19 टेस्‍ट परिणाम आने के बाद ही जहाज से उतरने की अनुमति दी जाएगी. जहाज पर करीब 2 हजार यात्री थे. उन्‍होंने कहा कि गोवा में हुए टेस्‍ट में 66 लोग पॉजिटिव हुए थे. इन 66 लोगों में 6 क्रू मेंबर्स हैं. इन 6 लोगों को गोवा में ही क्‍वारंटीन किया गया है. बाकी 60 लोग मुंबई लौट आए हैं. मुरगांव पोर्ट क्रूज टर्मिनल पर खडे़ रहे इस जहाज को वापस मुंबई भेज दिया गया है जो मंगलवार शाम मुंबई पहुंचा.
बीएमसी की चिकित्सा अधिकारी प्राजक्ता अंब्रेकर ने बताया कि जहाज पर सवार सभी यात्रियों का आरटी-पीसीआर परीक्षण होगा, जिसका बुधवार सुबह 7 बजे तक परिणाम आ जाएगा. इसके बाद पॉजिटिव यात्रियों को जहाज पर ही रोक लिया जाएगा. वहीं स्‍वस्‍थ यात्रियों को 7 दिनों तक होम क्‍वारंटीन में रहना होगा. पॉजिटिव यात्रियों के लिए सरकारी क्‍वारंटीन सेंटर के अलावा चार होटल्‍स को भी आइसोलेशन सेंटर के रूप में तैयार रखा गया है. इसमें लोग अपनी सुविधा के अनुसार रह सकेंगे. बीएमसी की चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि पॉजिटिव लोगों के सैम्‍पल्‍स को जीनोम सीक्‍वेंसिंग के लिए भेजा जाएगा.