Home Maharashtra तबेलों को मुंबई से बाहर करने की मुहिम फिर हुई तेज; मनपा...

तबेलों को मुंबई से बाहर करने की मुहिम फिर हुई तेज; मनपा जल्द करेगी कठोर कार्रवाई

15
0

मुंबई : हाईकोर्ट के आदेश के बाद मनपा प्रशासन गाय-भैंस के तबेलों को मुंबई से बाहर करने की मुहिम फिर से तेज कर दी है। इससे पहले जब मनपा ने कार्रवाई शुरू की थी, तब संबंधित संगठनों ने अदालत का दरवाजा खटखटाया था। लेकिन कोर्ट ने तबेलों को मुंबई से बाहर करने का पुराने आदेश को जस का तस रखा। मनपा अतिरिक्त आयुक्त अश्विनी जोशी ने कोर्ट के आदेश के बाद संबंधित विभाग को आगे की कार्रवाई के निर्देश दिया है। इसके तहत मुंबई के तबेलों को पालघर जिले के दापचेरी क्षेत्र में स्थानांतरित करने की योजना पर काम शुरू किया गया है। बता दें कि 2005 से पहले तबेलों को लाइसेंस दिया जाता था, लेकिन 26 जुलाई 2005 को आए भयानक बाढ़ में कई तबेलों में सैकड़ों जानवरों की मौत हो गई थी। इसके बाद शहर में तबेले न रखने की मांग जोर पकड़ने लगी और मनपा ने भी तबेलों के लिए लाइसेंस देना बंद कर दिया था। अधिकांश तबेले जिलाधिकारी की सीमा में आने वाली जमीनों पर बने हुए हैं। राज्य सरकार ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि इन जमीनों से तबेले हटाने की जिम्मेदारी मनपा की है और उसे ही कार्रवाई करनी होगी। इसके बाद मनपा ने शहर को तबेला मुक्त बनाने की योजना को गति दी। मुंबई में इस समय कुल 263 तबेले हैं, जिनमें से 59 लाइसेंसधारी और 204 बिना लाइसेंस वाले हैं। इनमें कुल 9,959 गाय और भैंस रखी गई हैं। इन सभी तबेलों को हटाने के लिए मनपा ने पहले नोटिस भेजने की प्रक्रिया शुरू की थी, लेकिन तबेला मालिकों और मुंबई मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन जैसे संगठनों ने इसका विरोध करते हुए मामला अदालत में ले गए। 15 जुलाई को अदालत ने मनपा को आगे की कार्रवाई करने की अनुमति दी।