मुंबई: एक सितंबर से मुंबईकरों की जेब पर महंगाई की दोहरी मार पड़ी है। महानगर गैस लिमिटेड ने सीएनजी और घरेलू पीएनजी के दाम बढ़ा दिए हैं। इसके साथ ही टैक्सी और ऑटो रिक्शा के किराए में भी बढ़ोतरी लागू हो गई है, जिससे आम लोगों का खर्च बढ़ेगा। महानगर गैस ने सीएनजी की कीमत में 2 रुपये प्रति किलो और घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस यानी पीएनजी में 1 रुपये प्रति एससीएम की बढ़ोतरी की है. वहीं मुंबई महानगर क्षेत्र में टैक्सी और ऑटो रिक्शा का न्यूनतम किराया भी बढ़ा दिया गया है. दोनों ही बदलाव एक सितंबर से लागू हो चुके हैं.
महानगर गैस यानी एमजीएल ने सोमवार को यह जानकारी दी कि मुंबई और आसपास के इलाकों में अब सीएनजी की नई कीमत 88 रुपये प्रति किलो हो गई है. यह बढ़ोतरी एक सितंबर की आधी रात से लागू हुई है. कंपनी ने इसकी वजह पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव को बताया है. कंपनी के मुताबिक इस तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ी गैस की कीमतें काफी बढ़ गई हैं, जिसका सीधा असर उनकी लागत पर पड़ा है. एमजीएल का कहना है कि सीएनजी की जबरदस्त मांग है और इसके लिए जरूरी गैस का बड़ा हिस्सा महंगे दामों पर आयात किए गए स्पॉट आरएलएनजी से पूरा किया जा रहा है. कंपनी के अनुसार यह दाम बढ़ोतरी बढ़ती लागत का सिर्फ आंशिक हिस्सा ही कवर कर पाएगी, लेकिन इससे ग्राहकों को लगातार सीएनजी की सप्लाई मिलती रहेगी.
इस बढ़ोतरी का असर मुंबई, ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, लातूर और धाराशिव के साथ ही कर्नाटक के चित्रदुर्ग और दावणगेरे में रहने वाले करीब 13 लाख सीएनजी वाहन मालिकों पर पड़ेगा. इन सभी जगहों पर वाहन एमजीएल के नेटवर्क से ही गैस लेते हैं. इसके अलावा घरेलू पीएनजी लेने वाले करीब 30 लाख उपभोक्ताओं को भी अब 1 रुपये प्रति एससीएम ज्यादा भुगतान करना होगा. गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही दिल्ली और आसपास के इलाकों में गैस सप्लाई करने वाली कंपनी इंद्रप्रस्थ गैस ने भी सीएनजी के दाम 3.89 रुपये प्रति किलो बढ़ाकर 86.98 रुपये प्रति किलो कर दिए थे.
वहीं दूसरी खबर में मुंबई महानगर क्षेत्र में सफर करने वालों को अब ऑटो और टैक्सी के लिए ज्यादा किराया चुकाना होगा. अब ऑटो रिक्शा का न्यूनतम किराया 27 रुपये और काली-पीली टैक्सी का न्यूनतम किराया 33 रुपये हो गया है. मुंबई महानगर क्षेत्र परिवहन प्राधिकरण यानी एमएमआरटीए ने इस किराया बढ़ोतरी को मंजूरी दी है. ऑटो रिक्शा के किराए में 1 रुपये और टैक्सी के किराए में 2 रुपये की बढ़ोतरी की गई है. अब टैक्सी का किराया 20.66 रुपये प्रति किलोमीटर से बढ़कर 21.90 रुपये प्रति किलोमीटर हो गया है, जबकि ऑटो रिक्शा का किराया 17.14 रुपये से बढ़कर 18.22 रुपये प्रति किलोमीटर कर दिया गया है. टैक्सी में पहले 1.5 किलोमीटर के लिए अब 31 रुपये की जगह 33 रुपये देने होंगे.
आरटीओ अधिकारियों के मुताबिक ड्राइवर या तो अपने इलेक्ट्रॉनिक मीटर को नई दरों के हिसाब से कैलिब्रेट करवा सकते हैं, या फिर आरटीओ से मंजूर किराया तालिका गाड़ी में दिखा सकते हैं. मीटर दोबारा कैलिब्रेट करवाने के लिए ड्राइवरों को नवंबर के अंत तक यानी तीन महीने का समय दिया गया है. जो ड्राइवर तय समय में ऐसा नहीं करेंगे, उन्हें जुर्माना भरना पड़ सकता है. मुंबई महानगर क्षेत्र में साढ़े चार लाख से ज्यादा ऑटो रिक्शा और 50 हजार से अधिक काली-पीली टैक्सियां चलती हैं, और इनमें से ज्यादातर सीएनजी पर ही चलती हैं. गौर करने वाली बात यह है कि पिछली बार किराया फरवरी 2025 में बढ़ा था, यानी करीब 18 महीने बाद अब दोबारा किराया बढ़ाया गया है.





Users Today : 15
Users Yesterday : 33
Users Last 7 days : 359
Users Last 30 days : 921
Users This Month : 287
Users This Year : 9237
Total Users : 70444
Views Today : 25
Views Yesterday : 59
Views Last 7 days : 493
Views Last 30 days : 1187
Views This Month : 399
Views This Year : 10436
Total views : 106459
Who's Online : 0


