Home Maharashtra १ दिसंबर से १२ एसी सेवाएं होंगी शुरू

१ दिसंबर से १२ एसी सेवाएं होंगी शुरू

62
0

मुंबई, मध्य रेलवे ने मुंबई के उपनगरीय मार्ग हार्बर लाइन, ट्रांसहार्बर लाइन और चौथे कॉरिडोर यानी बेलापुर/नेरुल-खारकोपर लाइन के समय सारिणी में संशोधन किया है। मतलब लाइफ लाइन का टाइम टेबल बदल गया है। नया टाइम टेबल १ दिसंबर से लागू होगा।१ दिसंबर २०२१ से हार्बर लाइन पर १२ एसी लोकल ट्रेन सेवाओं की शुरुआत भी की जा रही है। साधारण लोकल की मौजूदा १२ सेवाओं को एसी सेवाओं में परिवर्तन किया जा रहा है। मेन लाइन की सेवाओं में किसी भी तरह का बदलाव रेलवे ने फिलहाल नहीं किया है।
सीएसएमटी-अंधेरी सेवाओं और पनवेल-अंधेरी सभी सेवाओं का गोरेगांव तक विस्तार दिया गया है। वर्तमान में सीएसएमटी और अंधेरी के बीच चल रही ४४ सेवाओं का गोरेगांव तक विस्तार किया जाएगा (वर्तमान में सीएसएमटी और गोरेगांव के बीच ४२ सेवाएं चल रही हैं)। वर्तमान में पनवेल और अंधेरी के बीच चलनेवाली १८ सेवाओं का गोरेगांव तक विस्तार किया जाएगा। वर्तमान में सीएसएमटी और बांद्रा के बीच चलनेवाली २ सेवाओं को गोरेगांव तक बढ़ाया जाएगा।
गोरेगांव के लिए सेवाओं की कुल संख्या ४२ से बढ़कर १०६ हो जाएगी। बांद्रा के लिए सेवाओं की कुल संख्या ८६ हो जाएगी। हार्बर लाइन पर सेवाओं की कुल संख्या ६१४ होगी और ट्रांसहार्बर लाइन पर वर्तमान में २६२ सेवाएं रहेंगी और मुंबई मंडल पर उपनगरीय सेवाओं की कुल संख्या वर्तमान में चलाई जा रही १,७७४ संख्या ही रहेगी।
चौथे कॉरिडोर पर मॉर्निंग पीक ऑवर सेवाओं में वृद्धि होगी, हालांकि सेवाओं की कुल संख्या वही रहेगी जो ४० है। मानखुर्द से शुरू होनेवाली सेवाएं अब प्लेटफॉर्म नंबर ३ की बजाय प्लेटफॉर्म नंबर २ से चलेंगी। टीबीआर-१ बेलापुर लोकल ठाणे से १०.४० बजे और टीबीआर-३ बेलापुर लोकल ठाणे से २३.१४ बजे छूटकर अब पनवेल तक चलेगी।