Home Maharashtra भाजपा विरोधी मोर्चे के लिए साथ आए केसीआर और उद्धव

भाजपा विरोधी मोर्चे के लिए साथ आए केसीआर और उद्धव

36
0

मुंबई, लोकसभा चुनाव अभी दो साल बाद है, लेकिन अभी से भाजपा के खिलाफ एक राष्ट्रीय मोर्चा बनाने की कवायद शुरू हो गई है। इसके लिए विपक्षी दलों को एकजुट करने की कोशिशों में तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर यानी के. चंद्रशेखर राव जीजान से जुटे हैं। इसी कड़ी में रविवार को उन्होंने यहां महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। दोनों ने समान विचारों वाले दलों को एकजुट करने के लिए साथ मिलकर काम करने पर सहमति जताई है। उद्धव ठाकरे के सरकारी आवास ‘वर्षा’ में हुई यह मुलाकात करीब दो घंटे चली। मुलाकात के बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त प्रेस कांफ्रेंस की। जाहिर है, इसमें दोनों ही नेताओं के निशाने पर भाजपा और उसका शीर्ष नेतृत्व रहा। हालांकि, किसी की तरफ से न तो भाजपा पर और न ही उसके शीर्ष नेतृत्व पर प्रत्यक्ष हमला किया गया।

केसीआर ने कहा, बेहतर नतीजे सामने आएंगे

केसीआर ने कहा कि उनकी मुलाकात अच्छी रही और जल्द ही इसके बेहतर नतीजे सामने आएंगे। उन्होंने कहा कि दूसरे क्षेत्रीय और राष्ट्रीय दलों के नेताओं से बातचीत के बाद वे फिर मिलेंगे। तेलंगाना के सीएम ने कहा कि वह और उद्धव इस बात पर सहमत थे कि देश में राजनीतिक बदलाव की जरूरत है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। भाजपा पर अप्रत्यक्ष हमला करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि देश में अभी बदले की राजनीति हो रही है जो अच्छी बात नहीं है। बदले की राजनीत न तो भारतीय संस्कृति है और न ही हिंदुत्व है। किसी का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि अपनी सरकार के दौरान हुए विकास पर बात करने के बजाय राजीतिक विरोधियों के खिलाफ झूठ फैलाया जा रहा है। केसीआर और उद्धव की इस मुलाकात में शिवसेना नेता संजय राउत, पार्टी के प्रवक्ता अरविंद सावंत, राज्य के मंत्री एकनाथ शिंदे, सुभाष देसाई भी थे। अभिनेता प्रकाश राज और उद्धव ठाकरे के छोटे पुत्र तेजस ठाकरे भी इस बैठक में शामिल हुए।