Home Maharashtra मुंबई की लोकल एसी ट्रेनों का किराया 50% कम

मुंबई की लोकल एसी ट्रेनों का किराया 50% कम

31
0

मुंबई। भीषण गर्मी में केंद्र सरकार ने मुंबई की लोकल ट्रेनों में सफर करने वालों को बड़ी राहत दी है। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रावसाहेब दानवे ने शुक्रवार को यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि मुंबई में एयरकंडीशंड (अउ) लोकल ट्रेनों का किराया 50 प्रतिशत कम किया जाएगा। दानवे ने यह घोषणा भायखला रेलवे स्टेशन की पुनर्निर्मित इमारत के उद्घाटन के अवसर पर की। इस मौके पर महाराष्ट्र के पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद थे।
पांच किमी का न्यूनतम किराया 65 से घटकर 30 होगा
दानवे ने कहा कि 5 किलोमीटर की दूरी के लिए मौजूदा न्यूनतम किराया 65 रुपए है। कमी होने के बाद यह घटाकर 30 रुपए कर दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मुंबई में एयरकंडीशंड लोकल ट्रेनों का किराया कम करने के लिए लंबे समय से जनता मांग कर रही थी। उन्हें इस संबंध में कई बार सुझाव मिले। इनमें 20-30 प्रतिशत कमी करने के सुझाव मिले थे। हालांकि, दानवे ने यह नहीं बताया कि किराए में संशोधन कब से लागू होगा। मध्य और पश्चिम रेलवे प्रतिदिन लगभग 80 वातानुकूलित लोकल ट्रेन सेवाएं संचालित करते हैं। भाजपा नेता और पूर्व मंत्री पूनम महाजन समेत तमाम हस्तियों ने एसी ट्रेन का किराया कम करने की घोषणा की सराहना की।