Home Maharashtra मुंबई में पॉश इलाकों पर कोरोना की टेढ़ी नजर…

मुंबई में पॉश इलाकों पर कोरोना की टेढ़ी नजर…

27
0

मुंबई : मुंबई में रोजाना कोरोना संक्रमण के करीब १,००० नए मामले सामने आ रहे हैं। हालांकि मुंबई के अंधेरी-पश्चिम, ग्रांट रोड और बांद्रा-पश्चिम जैसे पॉश इलाकों पर कोरोना की टेढ़ी नजर पड़ गई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक इन क्षेत्रों में मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है। आंकड़ों के मुताबिक इस समय अंधेरी-पश्चिम में सर्वाधिक ५८४ सक्रिय मरीज हैं। इसी तरह ग्रांट रोड में ३९७ और बांद्रा-पश्चिम में ३४६ सक्रिय मरीजों का इलाज चल रहा है। दूसरी तरफ पॉश इलाकों के कोरोना का हॉटस्पॉट बनने से मनपा की चुनौती बढ़ गई है। हालांकि मनपा न केवल अलर्ट मोड पर है बल्कि महामारी को शिकस्त देने के लिए तैयार है।
गौरतलब हो कि मुंबई में अप्रैल माह के दौरान कोरोना का तीसरी वेव कंट्रोल में आ गई थी। इस दौरान शहर में रोजाना मिलनेवाले मरीजों की संख्या ३५ से भी नीचे पहुंच गई थी। हालांकि वर्तमान में मरीजों की संख्या में तेजी से वृद्धि हो रही है। मनपा स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अंधेरी-पश्चिम में अब तक सर्वाधिक संक्रमित मरीज मिले हैं। विभाग का कहना है कि महामारी के आने से लेकर अब तक इस क्षेत्र में करीब ९१,०२५ संक्रमित मिले हैं जबकि इस अवधि में इलाज के दौरान १,०४० मरीजों की मौत हुई है। इसके बाद के/पूर्व वॉर्ड में आनेवाले अंधेरी-पूर्व में ६८,४२२ लोग संक्रमित हुए हैं। यहां सर्वाधिक १,५७५ मरीजों की जान कोरोना निगल चुका है। डी वॉर्ड में आनेवाले ग्रांट रोड परिसर में अब तक ४९,९२० मरीज मिले हैं, वहीं ८०२ मरीजों की उपचार के दौरान मौत हुई है। इसी तरह बांद्रा-पश्चिम में ५०,९७९ मरीजों के मिलने के साथ ही ६४३ लोगों की मौत हुई है।
मुंबई में जिस तरह कोरोना मरीजों की संख्या बढ़ रही है, उसकी तुलना में दोगुने रफ्तार से डबलिंग रेट घट रहा है। २० मई को मुंबई में डबलिंग रेट करीब ४,४३३ दिन पर पहुंच गया था। वह अब घटकर १,२०४ दिन पर पहुंच गया है। वर्तमान में सर्वाधिक मरीजोंवाले अंधेरी-पूर्व में डबलिंग रेट १,५२६ दिन, अंधेरी पश्चिम में ७८६ दिन, ग्रांट रोड में ७३१ दिन और बांद्रा-पश्चिम में सबसे कम यानी ६४८ दिन पर पहुंच गया है।