Home Crime गुजरात पुलिस कर रही है बागियों की मदद-विधायक देशमुख ने खोला राज

गुजरात पुलिस कर रही है बागियों की मदद-विधायक देशमुख ने खोला राज

25
0
मुंबई, महाराष्ट्र में सियासी उठापटक के सूत्रधार शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे अलग-अलग दावा कर रहे हैं। इसी बीच सूरत स्थित होटल से शिंदे के चंगुल से छूटकर भागने में सफल हुए शिवसेना विधायक नितिन देशमुख किसी तरह नागपुर पहुंच गए। नागपुर में नितिन देशमुख ने गुजरात पुलिस पर बड़ा और सनसनीखेज आरोप लगाया है। देशमुख ने कहा कि मुझे कैद कर रखा गया था। देशमुख ने कहा कि अस्वस्थता महसूस होने पर मुझे अस्पताल ले जाया गया। वहां २० से २५ लोगों ने जबरन इंजेक्शन लगाया। वे इंजेक्शन क्या थे, मुझे नहीं पता। उन्होंने आगे कहा, ‘मुझे बेहोश करने की कोशिश की गई, जिससे मैं कुछ समझ नहीं पाऊं।’ देशमुख ने आगे दावा किया कि मैं उद्धव ठाकरे का शिवसैनिक हूं, शिवसेना में ही रहूंगा। एकनाथ शिंदे के समर्थकों द्वारा तैयार किए किसी भी प्रस्ताव पर मैंने हस्ताक्षर नहीं किया है।
बता दें कि सूरत के स्थानीय शिवसेना नेता परेश खेर ने मीडिया को बताया कि नितिन देशमुख होटल से निकलकर एक चौराहे पर आए, जहां उन्होंने हम लोगों से मुंबई जाने के लिए मदद मांगी। हम लोग जब तक चौराहे पर पहुंचे, तब तक उन्हें पुलिस पकड़कर होटल ले जा रही थी। हम लोग भी उनके पीछे-पीछे चल दिए लेकिन होटल के बाहर हमें रोक दिया गया।