Home Maharashtra बारिश का असर लोकल सेवाओं पर, ट्रेन लेट

बारिश का असर लोकल सेवाओं पर, ट्रेन लेट

40
0

मुंबई, मुंबई में हो रही बारिश का असर अब लोकल सेवाओं पर भी पड़ने लगा है। कल बारिश के कारण मध्य रेलवे की लोकल सेवाएं सुस्त रफ्तार से चल रही थी। लोकल ट्रेन लेट चलने से स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ देखी गई। दोपहर के समय सीएसएमटी आनेवाली लोकल ट्रेन अपने समय से करीब २० से २५ मिनट देरी से चल रही थी। ऐसे में लोकल यात्रियों को ट्रेन के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा, वहीं गुजरात में भारी बारिश के कारण रेलवे की परेशानी और बढ़ गई है।
मौसम विभाग द्वारा दिए गए अलर्ट के मुताबिक अगले दो दिनों में और तेज बारिश के आसार हैं। ऐसे में मुंबई से गुजरात और इसी रूट से आगे आने-जानेवाली ट्रेनों पर असर पड़ना शुरू हो गया है। पश्चिम रेलवे के वडोदरा डिविजन में बारिश का सबसे ज्यादा असर दिखाई दे रहा है। मूसलाधार बारिश के कारण अमदाबाद से केवड़िया जानेवाली ट्रेन को बीच रास्ते में रोकना पड़ा है। बता दें कि ये वही लाइन है, जो मुंबई से केवड़िया को कनेक्ट करती है लेकिन अब यहां भारी बारिश के कारण पटरियों के नीचे से गिट्टी बह गई हैं।
वडोदरा डिविजन के अलावा मुंबई डिविजन पर भी भारी बारिश का असर पड़ा है। पश्चिम रेलवे के अनुसार सोमवार को बिलिमोरा से गांवदेवी स्टेशन के बीच पटरियों पर जलजमाव हो गया। इसके कारण तीन ट्रेनें रद्द करनी पड़ीं। पश्चिम रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भारी बारिश का अब तक मुंबई-अमदाबाद लाइन पर कोई सीधा असर तो नहीं पड़ा लेकिन कई जगहों पर ट्रेनों की गति को कम किया गया है।