Home Crime गिफ्ट वाउचर का जाल, इनवेस्टमेंट बैंक की महिला कर्मचारी गिरफ्तार

गिफ्ट वाउचर का जाल, इनवेस्टमेंट बैंक की महिला कर्मचारी गिरफ्तार

102
0

मुंबई, एक इनवेस्टमेंट बैंक की महिला कर्मचारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दरअसल, कंपनी में काम करनेवाले अच्छे कर्मचारियों को गिफ्ट वाउचर देकर उनको मनोबल बढ़ाए जाने की पॉलिसी बनाई गई थी। इसकी जिम्मेदारी महिला को दी गई थी, तभी से महिला गिफ्ट वाउचर का जाल बुनने लगी। करीब दो वर्षों में महिला गिफ्ट वाउचर के नाम पर कंपनी को साढ़े ३ करोड़ रुपए का चूना लगाकर फरार हो गई। पुलिस के मुताबिक महिला कंपनी की गिफ्ट वाउचर ऑर्डर करने की प्रभारी थी।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी ४० वर्षीय महिला एक मल्टीनेशनल इनवेस्टमेंट बैंक में निजी सहायक के रूप में पिछले १६ वर्षों से काम करती थी। महिला कंपनी की ओर से गिफ्ट वाउचर ऑर्डर करने की प्रभारी थी। कंपनी में अच्छा प्रदर्शन करनेवाले कर्मचारियों को गिफ्ट वाउचर देकर पुरस्कृत करने की पॉलिसी थी। कर्मचारियों के प्रदर्शन पर कंपनी एक से तीन हजार रुपए का वाउचर देती है। कंपनी के सभी डिपार्टमेंट के उच्च अधिकारी गिफ्ट वाउचर के लिए महिला से संपर्क करते थे। महिला ने वर्ष २०१६ से २०१८ के बीच उक्त घटना को अंजाम दिया।
वर्ष २०१९ में कंपनी के एडमिन डिपार्टमेंट को महिला के बैंक खाते से कुछ संदिग्ध लेन-देन खुलासा हुआ, जिसमें महिला ने नवंबर २०१८ में २९.९० लाख रुपए के २,६०० गिफ्ट वाउचर का ऑर्डर दिया था। हालांकि कंपनी के किसी भी विभाग ने ऐसे गिफ्ट कार्ड की कोई भी मांग नहीं की थी। विभाग ने कंपनी के उच्च अधिकारियों को इस मामले की सूचना दी। अधिकारियों की पूछताछ में महिला ने सभी वाउचर कार्यालय में होने की बात कहीr। हालांकि कंपनी की जांच में करीब साढ़े तीन करोड़ रुपए की ठगी करने का खुलासा हुआ। इस दौरान महिला कंपनी छोड़कर चली गई।
कंपनी के उपाध्यक्ष ने वर्ष २०२० में पवई पुलिस स्टेशन में महिला के खिलाफ ठगी की शिकायत दर्ज कराई। गिरफ्तार होने के डर से महिला ने अग्रिम जमानत के लिए सत्र न्यायालय फिर उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया परंतु कोर्ट ने महिला की याचिका को खारिज कर दिया। इसके बाद पुलिस ने महिला को कांदिवली स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया। पवई पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बुधन सावंत ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।