Home Maharashtra पहले बुक करो, फिर शान से बैठो, बेस्ट सेवा आसानी से मिलेगी

पहले बुक करो, फिर शान से बैठो, बेस्ट सेवा आसानी से मिलेगी

20
0

मुंबई, यात्रियों के सफर को सरल और सुहाना बनाने के लिए अगले महीने से बेस्ट प्रशासन मोबाइल ऐप आधारित सेवा शुरू करने जा रहा है। इसके तहत आने वाले दिनों में भीड़ के समय भी यात्रियों को ‘पहले बुक करो, फिर शान से बैठो’ वाली बेस्ट सेवा आसानी से मिलेगी, जो बेस्ट की ‘बेस्ट’ सेवा साबित होने वाली है। मतलब यात्रियों को भीड़ में भी सीट मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि सुबह अथवा शाम में पिक ऑवर के दौरान बड़ी संख्या में नौकरीपेशा और आम लोग बाहर निकलते हैं। इस दौरान उन्हें काली-पीली टैक्सियां समय पर नहीं मिल पाती हैं। कई बार तो टैक्सी चालक भी लोगों को उनके गंतव्य स्थान तक छोड़ने से साफ मना कर देते हैं। इस तरह की विभिन्न समस्याओं के चलते यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसलिए धीरे-धीरे कई यात्री मोबाइल ऐप आधारित निजी टैक्सियों से सफर करना पसंद करने लगे हैं। यात्रियों की लोकप्रियता को देखते हुए इन सेवाओं ने विभिन्न योजनाएं भी शुरू की हुई हैं। इसके अलावा मुंबई उपनगरों में ऐप आधारित निजी एसी बस सेवा भी शुरू हो गई है। इसने बड़ी संख्या में यात्रियों को अपनी तरफ आकर्षित कर लिया है। इसलिए अब बेस्ट उपक्रम ने भी इस प्रतियोगिता में उतरने का फैसला किया है। फिलहाल इस सेवा को कैसे शुरू किया जाए, इस पर अभी अध्ययन शुरू है।