Home Maharashtra नशे का इतना बड़ा कारोबार बिना राजनीतिक आशीर्वाद के नहीं हो सकता...

नशे का इतना बड़ा कारोबार बिना राजनीतिक आशीर्वाद के नहीं हो सकता – नाना पटोले

117
0

मुंबई, महाराष्ट्र एक सभ्य और उन्नत राज्य है, लेकिन राज्य की भाजपा सरकार महाराष्ट्र का नाम खराब करने का काम कर रही है। पिछले कुछ दिनों में राज्य में नशीली दवाओं का भंडार पकड़ा गया है। नशे का इतना बड़ा कारोबार बिना राजनीतिक आशीर्वाद के नहीं हो सकता। ड्रग्स के काले कारोबार का ललित पाटील सिर्फ एक मोहरा है। असली मास्टरमाइंड कौन है? इसका खुलासा होना बेहद जरूरी है। यह बात महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष नाना पटोले ने कही। पटोले ने ड्रग्स माफिया ललित पाटील को गिरफ्तार करने के लिए मुंबई पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि हाल ही में नासिक में ड्रग्स का बड़ा भंडार जब्त किया गया था। सोलापुर के एमआईडीसी में भी ड्रग्स का भंडार मिला है। महाराष्ट्र में इस तरह नशीली दवाओं का भंडार मिलना महाराष्ट्र के लिए शर्मनाक घटना है। यह बात सामने आई है कि ड्रग्स मामले में गिरफ्तार ललित पाटील, पुणे के ससून अस्पताल में सभी सुविधाओं के मजे ले रहा था। हम लोगों ने पहले ही कहा था कि ललित पाटील को भगाया गया है और आज हमारी बात सच हो गई है। ललित पाटील खुद कह रहा है वह अस्पताल से भागा नहीं था, बल्कि भगाया गया था। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इन सभी मामलों पर विराम लगाना बेहद आवश्यक है। राज्य में नशे के काले कारोबार को किसका आशीर्वाद प्राप्त है। ललित पाटील के पीछे कौन-सी ताकत काम कर रही है? इन सभी का खुलासा होना बेहद जरूरी है।
नाना पटोले ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को नौकरी नहीं दे रही है। बेरोजगारी में बेतहाशा वृद्धि हो रही है। सरकारी कर्मचारियों की भर्ती नहीं की जा रही है। निजी कंपनियों द्वारा अनुबंध के आधार पर नियुक्ति कर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। भाजपा की सरकार युवाओं को नशे के जाल में फंसाकर बर्बाद करने का पाप कर रही है। भाजपा सरकार में घोटालेबाज, अपराधी, लुटेरे, हत्यारे, बलात्कारी और नशे का काला कारोबार करनेवालों के ‘अच्छे दिन’ आ गए हैं।