Home Maharashtra उद्धव ठाकरे ने पीएम मोदी की पार्टी के लिए प्रचार करने को...

उद्धव ठाकरे ने पीएम मोदी की पार्टी के लिए प्रचार करने को लेकर जनता से माफी मांगी

16
0

कोल्हापुर : लोकसभा चुनाव के मद्देनजर नेताओं की ताबड़तोड़ रैलियां हो रही हैं. अब उद्धव ठाकरे ने कहा है कि केंद्र सरकार ने महाराष्ट्र को धोखा दिया है. एक रैली में मंच से उन्होंने पहले के चुनावों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए वोट मांगने को लेकर लोगों से माफी भी मांगी. ठाकरे और उनके सहयोगी NCP (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार ने हातकणंगले लोकसभा सीट से शिवसेना (यूबीटी) उम्मीदवार सत्यजीत पाटिल के समर्थन में रैली की.
कोल्हापुर जिले के इचलकरंजी में ठाकरे ने 2022 में अपनी सरकार के गिरने की परिस्थितियों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने इस पर अपना फैसला नहीं सुनाया कि असली शिवसेना किसकी है, बल्कि निर्वाचन आयोग और मध्यस्थ (महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर) ने अपना फैसला सुनाया, जो उनके (भाजपा के) सेवक के रूप में काम कर रहे थे. शरद पवार ने कहा कि मोदी महाराष्ट्र दौरे पर आते हैं तो राज्य के लिए अपनी योजनाओं के बारे में बोलने की बजाय केवल उनकी (पवार) और ठाकरे की आलोचना करते हैं.
ठाकरे ने कहा कि जब कोई भी दल भाजपा से हाथ मिलाने को तैयार नहीं था, तब शिवसेना ने उसके साथ गठबंधन किया. ठाकरे ने जून 2022 में अपनी सरकार के गिरने का जिक्र करते हुए कहा कि हालांकि, भाजपा ने एक ऐसे व्यक्ति की सरकार को गिरा दिया, जिसके परिवार ने उसे सब कुछ दिया था. शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख ने कहा, ‘मैं (अतीत में) मोदी के लिए वोट मांगने को लेकर माफी मांगता हूं क्योंकि उनकी सरकार ने महाराष्ट्र को धोखा दिया है.’