Home Maharashtra नाव की यात्रा करने वालों के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्य

नाव की यात्रा करने वालों के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्य

14
0

मुंबई : मुंबई के गेटवे ऑफ इंडिया के पास बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां पर गेटवे ऑफ इंडिया से एलिफेंटा द्वीप जा रही यात्रियों से भरी नाव पलट गई। इस हादसे में 14 लोगों की जान गई है। वहीं, 100 से अधिक लोगों के बचा लिया गया है। दरअसल, हादसा उस वक्त हुआ जब यात्रियों से भरी नाव एलिफेंटा द्वीप जा रही थी, इसी समय एक नौसेना की स्पीड बोट ने पर्यटक नाव में टक्कर मार दी। इस हादसे के अगले दिन प्रशासन सख्त नजर आया। अधिकारियों ने नौका सवारी करने वालों के लिए नए नियमों को आज से लागू कर दिया। 

बुधवार को मुंबई में हुए इस हादसे के अगले दिन अधिकारियों ने ‘गेटवे ऑफ इंडिया’ से नौका सवारी करने वाले सभी यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य कर दिया है। बताया जाता है कि जो लोग इस घटना में जिंदा बचे हैं, उन्होंने दावा किया है कि उनके पास नाव की सवारी करने के दौरान जीवनरक्षक जैकेट नहीं था। अधिकारियों के इस कदम से आने वाले दिनों में इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सकेगा।  बता दें कि इस नियम को लेकर गेटवे ऑफ इंडिया पर तैनात एक सहायक नौका निरीक्षक देवीदास जाधव ने कहा कि प्रत्येक यात्री के लिए जीवनरक्षक जैकेट का उपयोग अनिवार्य कर दिया गया है। वहीं, नाव के मालिकों ने कहा कि लाइफ जैकेट सभी यात्रियों को पहननी चाहिए। नाव के मालिकों ने कहा कि कई बार यात्री इसे नहीं पहनते। ये जीवनरक्षक जैकेट आपात स्थिति में काफी काम आते हैं।