Home Crime सार्वजनिक स्थानों पर आसाराम बापू के होर्डिंग्स लगाए जाने से लोगों में...

सार्वजनिक स्थानों पर आसाराम बापू के होर्डिंग्स लगाए जाने से लोगों में आक्रोश

11
0

नवी मुंबई : दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन पर आसाराम बापू के विज्ञापन पोस्टरों को लेकर विवाद अभी थमा भी नहीं था कि अब महाराष्ट्र के नवी मुंबई में भी उसी तरह के होर्डिंग्स दिखाई दिए हैं. शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों—वाशी रेलवे स्टेशन, बस स्टॉप और व्यस्त सड़कों के किनारे लगाए गए इन बड़े-बड़े पोस्टरों ने लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है.
गौरतलब है कि आसाराम बापू बलात्कार का दोषी करार दिया जा चुका है और उम्रकैद की सजा काट रहा है. ऐसे में एक सजायाफ्ता अपराधी का महिमामंडन करना और सार्वजनिक जगहों पर उसके प्रचार-प्रसार की अनुमति देना, न केवल कानूनी बल्कि नैतिक रूप से भी गंभीर सवाल खड़े करता है.
स्थानीय निवासी सुमित शर्मा ने इन होर्डिंग्स की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा कीं. उन्होंने लिखा, “क्या हमारे शहर में अब बलात्कारियों का महिमामंडन खुलेआम किया जाएगा? वाशी और कोपर खैराने की सड़कों पर ये शर्मनाक पोस्टर कतार में लगे हैं और प्रशासन चुप बैठा है.”
नवी मुंबई के नागरिकों में इसको लेकर खासा रोष है. सोशल मीडिया पर लगातार लोग इन पोस्टरों को तुरंत हटाने और जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. कई लोगों का कहना है कि एक बलात्कारी की तस्वीरें सार्वजनिक स्थानों पर लगाकर क्या संदेश दिया जा रहा है?
एक स्थानीय व्यवसायी रवि मेहता ने कहा, “यह न केवल महिलाओं और लड़कियों के लिए असुरक्षित माहौल को बढ़ावा देने जैसा है, बल्कि हमारे समाज की नैतिकता पर भी सवाल खड़े करता है. प्रशासन को तुरंत एक्शन लेना चाहिए.”