मुंबई : दस महीने पहले भूमिपूजन होने के बावजूद सफाई कर्मचारियों के लिए आश्रय योजना के तहत कार्य शुरू न किए जाने पर भाजपा के पूर्व नगरसेवक मकरंद नार्वेकर ने मनपा की तीखी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले सफाई कर्मचारियों को ‘असली नायक’ कहकर सम्मानित किया गया था लेकिन मनपा ने उन्हें अब पूरी तरह भुला दिया है। अक्टूबर 2024 में फोर्ट क्षेत्र के कोचीन स्ट्रीट में सफाई कर्मचारियों के लिए 17 करोड़ रुपये की लागत से आश्रय योजना के तहत 238 वर्ग फुट क्षेत्रफल की 54 घर बनाया जाना था। मकरंद नार्वेकर ने मनपा आयुक्त भूषण गगराणी को पत्र लिखकर इस विलंब पर नाराजगी जताई और कहा कि मनपा की भूमिका साफ तौर पर सफाई कर्मचारियों के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि हमारे सफाई कर्मचारियों को सम्मानजनक घर मिलना एक लंबे समय से लंबित न्यायिक मांग है। केवल शहर को स्वच्छ रखने तक ही नहीं, बल्कि विभिन्न स्वच्छता अभियानों में भी मनपा के इन सफ़ाई कर्मचारियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। ऐसी स्थिति में इन कर्मचारियों को धोखा देने जैसा व्यवहार हो रहा है, क्योंकि प्रोजेक्ट अब तक शुरू नहीं किया गया है। नार्वेकर ने यह भी कहा कि चुनाव से पहले इन परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाता है, लेकिन उसके बाद मनपा इन्हें ठंडे बस्ते में डाल देती है, जो कतई स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि इमारत क्रमांक 1 और 2 के पुनर्विकास के लिए डिज़ाइन एंड बिल्ड निविदा प्रक्रिया के तहत 54 घरों की मंजूरी दी गई थी, लेकिन निविदा के बाद से यह प्रस्ताव रोक दिया गया है। इससे यह प्रतीत होता है कि मनपा को सफाई कर्मचारियों की भलाई से कोई लेना-देना नहीं है, और इससे लोगों का प्रशासन पर से भरोसा उठता जा रहा है।
उन्होंने मनपा प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया गया और प्रोजेक्ट पर युद्ध स्तर पर कार्य शुरू नहीं हुआ, तो वे कानूनी कार्रवाई करेंगे। नार्वेकर ने स्पष्ट किया कि ये कर्मचारी वर्षों से चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में काम करते आए हैं और इस तरह की देरी से उनके साथ व्यवस्थागत अन्याय और बढ़ता जा रहा है। यदि त्वरित कदम नहीं उठाए गए तो न्यायालय सहित सभी विकल्पों पर विचार किया जाएगा।





Users Today : 7
Users Yesterday : 18
Users Last 7 days : 350
Users Last 30 days : 839
Users This Month : 297
Users This Year : 9247
Total Users : 70454
Views Today : 8
Views Yesterday : 29
Views Last 7 days : 484
Views Last 30 days : 1088
Views This Month : 411
Views This Year : 10448
Total views : 106471
Who's Online : 0


