Home Country टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग को लेकर आप ने भाजपा को घेरा

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग को लेकर आप ने भाजपा को घेरा

10
0

मुंबई : जुहू इलाके में रविवार शाम एक्टर टाइगर श्रॉफ पर अज्ञात हमलावर ने फायरिंग की है. इस घटना के बाद सियासत भी गरमा गई है. अब आम आदमी पार्टी ने इस वारदात को लेकर चिंता जताते हुए बीजेपी को घेरा है और साथ ही गृहमंत्री अमित शाह से इस्तीफे की मांग की है.
आम आदमी पार्टी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, ”टाइगर श्रॉफ पर तीन बाइक सवारों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं. आखिर देश के गृह मंत्री अमित शाह कर क्या रहे हैं? दिल्ली में जंगलराज है और अब मुंबई जैसे शहर में भी गैंगस्टरों का खौफ बढ़ रहा है, जिस शहर को देश के सबसे सुरक्षित शहरों में गिना जाता है.”
गृहमंत्री अमित शाह से देश नहीं संभल रहा है- आप
आप ने आरोप लगाते हुए आगे कहा, ”न बॉर्डर से नशे की तस्करी रुक रही है, न देश के अंदर गैंगस्टरों का आतंक थम रहा है. लॉरेंस बिश्नोई जैसे गैंगस्टर को साबरमती जैसी जेलों में दामाद जैसी आवभगत देने वाले अमित शाह से देश नहीं संभल रहा है, वो तुरंत इस्तीफा दें.”
फायरिंग की घटना की जांच के लिए पुलिस की 15 टीमें गठित
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना की जांच के लिए पुलिस की 15 टीमें गठित की गई हैं. पुलिस ने बताया कि इस घटना में श्रॉफ का ड्राइवर और एक ऑटो चालक जख्मी हुए हैं. सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट के अनुसार, लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने हमले की जिम्मेदारी ली है. हालांकि, पुलिस ने अभी तक पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की है. एक अधिकारी ने बताया कि घटना पश्चिमी उपनगर में जुहू पुलिस थाना क्षेत्र में पुष्पा पार्क के पास हुई. गोलीबारी की घटना में श्रॉफ सुरक्षित हैं और उन्हें कोई चोट नहीं आई है.
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग को लेकर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
प्रारंभिक रिपोर्ट के मुताबिक एक अज्ञात व्यक्ति ने अभिनेता और उनके एक दोस्त पर गोली चलाई. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक अज्ञात व्यक्ति अभिनेता की कार पर गोलीबारी करता दिखाई दे रहा है. पुलिस के अधिकारी ने बताया कि घटना में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है. सुराग जुटाने के लिए विशेष टीमें इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं.