Home Maharashtra मुंबई में डब्ल्यूएनसी नेवी हाफ मैराथन का आयोजन, एशियाई खेलों के पदक...

मुंबई में डब्ल्यूएनसी नेवी हाफ मैराथन का आयोजन, एशियाई खेलों के पदक विजेताओं ने लिया हिस्सा

1
0

मुंबई: मुंबई में रविवार को ‘नेवी डे’ समारोह के हिस्से के रूप में ‘डब्ल्यूएनसी नेवी हाफ मैराथन’ का 9वां संस्करण आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 10 हजार धावकों ने भाग लिया। एशियाई खेलों के पदक विजेता गुरिंदर वीर सिंह, एंसी सोजन और भरत हुड्डा के अलावा अर्जुन पुरस्कार विजेता सुरजीत ने इस मैराथन को हरी झंडी दिखाई। एशियाई खेलों की रजत पदक विजेता एंसी सोजन ने कहा, “यह साल मेरे लिए बहुत अच्छा रहा है। इस सीजन में मैंने तीन-चार रिकॉर्ड तोड़े, जिनमें एक राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी शामिल है। यह एक शानदार सफर रहा। इस दौरान मैंने बहुत कुछ सीखा। मैंने कई त्याग किए, कड़ी मेहनत की, पूरी लगन से काम किया और मुझे भारतीय नौसेना से बहुत समर्थन मिला। इस सीजन में मेरे सफर में योगदान देने वाले हर व्यक्ति ने इसे सार्थक बना दिया है।”
मैराथन को लेकर उन्होंने कहा, “यह एक बहुत ही सुखद और खास पल है और मुझे खुशी है कि मैं इस डब्ल्यूएनसी नेवी हाफ मैराथन का हिस्सा बनी हूं। यहां आकर बहुत अच्छा लगा। मैंने बहुत से लोगों को इसमें भाग लेते हुए देखा।” एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता और पीओ गुरिंदर वीर सिंह ने कहा, “मैं हमारे नौसेना स्टाफ को धन्यवाद देना चाहता हूं। आज डब्ल्यूएनसी नेवी हाफ मैराथन में मैंने खुश और प्रेरित लोगों को देखा। 21 किमी, 10 किमी और 7 किमी की श्रेणियों में 10,000 से अधिक प्रतिभागियों ने दौड़ लगाई। मैं उन सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं। मुझे भी इस आयोजन से प्रेरणा मिल रही है।”
उन्होंने कहा कि हमारे युवा खेलों को पसंद करते हैं। मैंने देखा है कि हर उम्र के व्यक्ति मैराथन को लेकर उत्साहित दिखे। मेरा यहां आना एक तरह से सफल रहा है। गुरिंदर वीर सिंह ने कहा, “यहां लोगों की इतनी बड़ी संख्या देखकर मुझे बहुत अच्छा लगा। यह आयोजन बहुत ही व्यवस्थित है। मैंने पहली बार किसी मैराथन को इतने अच्छे तरीके से आयोजित होते देखा है। यहां बहुत ही हाई-टेक उपकरण लगाए गए हैं। समय मापने के लिए हर 5 किलोमीटर पर एक ‘टाइमिंग गेट’ लगाया गया।”