Home Crime 8 महीने पहले हो गई थी मां की मौत, तब से बेटी...

8 महीने पहले हो गई थी मां की मौत, तब से बेटी घर में शव के साथ रह रही थी

60
0

मुंबई : बांद्रा वेस्ट इलाके में एक कॉटेज से 83 साल की महिला की लाश मिली है. अधिकारियों का कहना है कि महिला की मौत इस साल मार्च में ही हो गई थी. लेकिन उनकी 53 साल की बेटी ने मां की मौत के बारे में किसी को जानकारी नहीं दी. पिछले 8 महीने से मां की लाश के साथ ही घर में रह रही थी.
इस मामले की जानकारी भी अचानक ही हुई. मुंबई मिरर की खबर के मुताबिक, पड़ोसियों ने शिकायत की थी कि बांद्रा वेस्ट के चुइम गांव में अपने कॉटेज के ग्राउंड फ्लोर पर रहने वाली 53 वर्षीय महिला यहां-वहां कचरा फेंक देती है. पुलिसकर्मी जब महिला के घर पहुंचे तो उन्हें वहां उसकी मां का शव रखा मिला. पता चला कि बेटी मां के शव के साथ पिछले कई महीनों से रह रही है.
कुत्ते का शव भी घर में रखा था
पड़ोसियों ने बताया कि कुछ साल पहले महिला के कुत्ते की मौत हो गई थी, तब भी कई दिनों तक उसने कुत्ते की बॉडी घर में रखी थी. उस समय उसकी मां ने पड़ोसियों को बताया था, तब कुत्ते के शव को घर से निकाला गया था.
बताया जा रहा है कि 53 साल की महिला मानसिक तौर पर बीमार है. उसके एक पड़ोसी ने बताया, इस महिला का कोई दोस्त या जान पहचान का नहीं था. शायद यही कारण है कि उसने मां की मौत के बारे में किसी को नहीं बताया. उसकी मां की मौत कैसे हुई, इसका पता नहीं चला है. पुलिस ने बताया कि मां की मौत से जुड़े सवालों का जवाब महिला नहीं दे रही है. महिला की मेडिकल जांच करवाई जा रही है. इस तरह के मरीज को लॉकअप में नहीं डाला जा सकता क्योंकि उन्हें नहीं पता होता कि उन्होंने क्या किया है.