Home Maharashtra मुंबई भर में एमेजॉन के खिलाफ पोस्टर्स

मुंबई भर में एमेजॉन के खिलाफ पोस्टर्स

99
0

मुंबई : एमेजॉन पर मराठी भाषा का विकल्प होना चाहिए इसके लिए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने शुरू किये हुए आंदोलन ने अब आक्रामक रूप ले लिया है। मनसे की तरफ से मुंबई भर में एमेजॉन के खिलाफ पोस्टर्स लगाये गये हैं। इन पोस्टरों पर नो मराठी नो एमेजॉन (No Marathi No Amazon) ऐसा संदेश लिखा गया है।
बता दें कि कुछ दिनों पहले मनसे के पदाधिकारियों ने एमेजॉन और फ्लिपकार्ट के मुंबई में बीकेसी स्थित कार्यालयों पर जाकर उनसे कहा था कि मराठी भाषा को भी अपनी वेबसाइट में स्थान दिया जाए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो मुंबई में कारोबार नहीं करने दिया जाएगा। मनसे का कहना था कि मराठी भाषी लोगों को उनकी भाषा में ही सामान खरीदने की जानकारी प्राप्त होनी चाहिए जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी ना हो।
मुंबई के बांद्रा पूर्व, बांद्रा पश्चिम, अंधेरी, बांद्रा रिक्लेमेशन और माहिम में ये पोस्टर्स लगाए हैं। मनसे नेता अखिल चित्रे ने कहा कि मनसे ने पहले ही कहा था कि अगर एमजॉन को महाराष्ट्र की भाषा मंजूर नहीं है तो हमें भी एमेजॉन महाराष्ट्र में नहीं चाहिए। मनसे के नेताओं ने एमेजॉन सहित कई ई-कॉमर्स वेबसाइट पर मराठी भाषा को भी स्थान देने का अनुरोध किया था लेकिन ऐसा नहीं हुआ जिसके बाद मनसे ने आक्रामक रूख अख्तियार किया है।
इससे पहले एमेजॉन के संस्थापक जेफ बेजोस (Jeff Bezos) के प्रतिनिधि ने मनसे को बताया था कि उनका ई-मेल संस्थापक को मिल गया है और इस पर गंभीरता से विचार कर रहे हैं। इसके बाद एमेजॉन के एक प्रतिनिधि मंडल ने मनसे प्रमुख राज ठाकरे (Raj Thakarey) से मुलाकात की थी।