Home Maharashtra महाराष्ट्र : वोल्टेज का हो रहा था उतार-चढ़ाव, ध्यान दिलाने पर भी...

महाराष्ट्र : वोल्टेज का हो रहा था उतार-चढ़ाव, ध्यान दिलाने पर भी अस्पताल प्रशासन ने नहीं दिया ध्यान

178
0

भंडारा : महाराष्ट्र के भंडारा जिला अस्पताल में लगी आग ने 10 मासूमों की जिंदगी ले ली। ऐसी दु:खद घटना फिर न हो, इसके लिए सरकार ने राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों के नवजात कक्ष का ऑडिट करने का आदेश जारी किया है। आग के कारणों का सटीक पता लगाने के लिए राज्य सरकार ने नागपुर अग्नि अभियांत्रिकी महाविद्यालय एवं राज्य विद्युत विभाग के विशेषज्ञ को जिम्मेदारी दी है।
बताया गया है कि वोल्टेज का उतार-चढ़ाव हो रहा था, किसी ने ध्यान नहीं दिया। भंडारा के इस अस्पताल में 2015 में बच्चों के लिए यह वॉर्ड खोला गया था और अब इस बात की जांच की जाएगी कि नए भवन की अग्नि संबंधी ऑडिट की गई थी या नहीं। हादसे के बाद अस्पताल में आने वालों का तांता लगा रहा, जिनमें ज्यादातर नेता थे। स्थानीय प्रशासन ने मीडिया को दूर रखने के लिए अस्पताल पहुंचने वाले मार्ग पर अवरोधक लगा दिए थे।
भाजपा नेता और राज्य के पूर्व ऊर्जा मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने दावा किया कि आग लगने की घटना में मृत बच्चों के रिश्तेदारों ने पिछले सात दिनों से बिजली के वोल्टेज में हो रहे उतार-चढ़ाव के बारे में अस्पताल प्रशासन को जानकारी दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप भी लगाया कि अस्पताल के लिए एक करोड़ रुपये के अग्निसुरक्षा उपकरण खरीदने का प्रस्ताव सरकार के प्रधान सचिव (स्वास्थ्य) एवं स्वास्थ्य निदेशक के पास इस साल मई से लंबित है, लेकिन अब भी वह मंजूरी की बाट जोह रहा है।