Home Crime सावधान, नौकरी के नाम पर ऐसे हो रहा साइबर फ्रॉड

सावधान, नौकरी के नाम पर ऐसे हो रहा साइबर फ्रॉड

55
0

मुंबई : मुंबई के मालाड में प्रकाश कॉलेज के छात्र राकेश वाघमारे (बदला नाम) को नौकरी की जरूरत थी। राकेश ने सोशल मीडिया पर कोका कोला कंपनी का विज्ञापन देखा और नौकरी के लिए ऑनलाइन अप्लाई कर दिया। अप्लाई करने के कुछ देर बाद राकेश को किसी अज्ञात व्यक्ति ने कोका कोला कंपनी की ओर से लिंक और ईमेल भेजा, जिसे राकेश ने ओरिजिनल कंपनी मानते हुए बिना देरी किए ओपन कर दिया।
लिंक ओपन कर राकेश ने उसमें दिए गए सभी निर्देशों का पालन किया। इन निर्देशों का पालन करते ही कुछ देर के बाद राकेश से कुछ निजी जानकारी मांगी गई, जिसे राकेश ने दे दी। उनके द्वारा दी इस गोपनीय जानकारी के कुछ देर बाद उनके बैंक खाते से 5 हजार रुपये निकलने का मेसेज आया।
कुछ ऐसा ही कांदिवली के ठाकुर कॉलेज की छात्रा गरिमा के साथ हुआ। गरिमा ने भी पढ़ाई खत्म कर सर्च इंजन पर कोका कोला कंपनी का विज्ञापन देखा और नौकरी के लिए ऑनलाइन अप्लाई कर दिया। गरिमा के साथ भी 3 हजार रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी हो गई।
ऐसी करीब दर्जनभर शिकायतें मुंबई साइबर सेल को मिली हैं। इनमें अज्ञात लोगों द्वारा कोका कोला कंपनी में नौकरी दिए जाने का झांसा देकर उनके साथ ऑनलाइन ठगी की वारदात को अंजाम दिया है।
मुंबई साइबर क्राइम ब्रांच की डीसीपी डॉ. रश्मि करंदीकर ने बताया कि कोका कोला कंपनी की ओर से ऐसा कोई विज्ञापन जारी नहीं किया गया है। कोका कोला एक ब्रांडेड कंपनी है। इस कंपनी के नाम पर साइबर क्रिमिनल लोगों को गुमराह कर उनके बैंक खातों में सेंधमारी कर रहे हैं। इसलिए नौकरी के इच्छुक लोगों से अपील है कि वे इस तरह के फर्जी जॉब लिंक, फर्जी जॉब मेसेज, फर्जी जॉब ऑडियो विडियो क्लिप या जॉब देने वाले फर्जी वेबसाइट एवं पोर्टल से दूर रहें।