Home Maharashtra मुंबई : नाइट कर्फ्यू की वजह से क्या बदल जाएगी मुंबई लोकल...

मुंबई : नाइट कर्फ्यू की वजह से क्या बदल जाएगी मुंबई लोकल की टाइमिंग?

136
0

मुंबई : महाराष्ट्र कोरोना से एक बार फिर बेहाल है. महाराष्ट्र में हर दिन कोरोना नया रिकॉर्ड बना रहा है. देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी रोजाना 5 हजार से ज्यादा केस दर्ज किए जा रहे हैं. कोरोना के बढ़ते कहर के बीच राज्य की उद्धव ठाकरे सरकार ने कई शहरों में लॉकडाउन जैसे कड़े प्रतिबंध लगाए हैं. इसके साथ-साथ पूरे महाराष्ट्र में रविवार से नाइट कर्फ्यू भी लगाया जा चुका है. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने संपूर्ण लॉकडाउन के संकेत दिये हैं और इसका रोडमैप तैयार करने को कहा है.
महाराष्ट्र में 27 मार्च से 15 अप्रैल तक रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक कर्फ्यू लगाया गया है. इस दौरान मॉल, बार-रेस्तरां, मल्टीप्लेक्स, उद्यान-पार्क, सिंगल स्क्रीन थियेटर, समुद्री बीच और सार्वजनिक स्थल पूरी तरह से बंद रहेंगे. इन सबके बीच सबसे बड़ा सवाल मुंबई लोकल की टाइमिंग को लेकर उठ रहे हैं.
लोगों के सवालों का जवाब देते हुए, मुंबई के मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि सभी लोकल ट्रेनें चलती रहेंगी. डीआरएम-मुंबई ने पश्चिम रेलवे के एक ट्वीट का जवाब दिया. ट्वीट में पूछा गया था कि क्या चर्चगेट-विरार मुंबई लोकल ट्रेन रात 8 बजे से सुबह 7 बजे तक के कर्फ्यू के दौरान चलेगी? इसके जवाब में DRM-Mumbai ने ट्वीट कर कहा, ‘फिलहाल सभी लोकल ट्रेनें चल रही हैं.’इससे पहले मुंबई नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त सुरेश काकानी ने बात करते हुए लोकल ट्रेनों की सेवाओं पर कहा था कि हमारी कोशिश है कि लोकल ट्रेन के परिचालन की मौजूदा क्षमता को बनाए रखा जाए और इसे कम करने की कोई योजना नहीं है.
उधर, कोरोना के तेजी से बढ़ रहे मामलों के बीच सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या मुंबई लोकल की सेवाएं फिर बंद होंगी या फिर एक बार फिर सिर्फ जरूरी सेवाओं में सफर करने वाले लोग ही इसमें सफर कर सकेंगे? हालांकि रेलवे या फिर महाराष्ट्र सरकार की तरफ से फिलहाल ऐसा कोई आदेश नहीं आया है. हालांकि महाराष्ट्र सरकार की तरफ से एक फैसला लिया गया है कि मुंबई लोकल में यात्रा के दौरान अगर कोरोना दिशा-निर्देशों का ठीक से पालन नहीं किया जाता है तो यात्रियों के लिए और अधिक प्रतिबंध लगाया जाएगा.
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने इस बाबत जानकारी देते हुए कहा कि यात्रियों को फेस मास्क और कोरोना के दिशा निर्देशों का पालन करना चाहिए और ट्रेन के अंदर सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखना चाहिए. हालांकि, उन्होंने कहा कि अगर अगले कुछ दिनों में यात्रियों ने नियमों की अनदेखी की तो कड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं. बता दें कि महाराष्ट्र और खासकर मुंबई में कोरोना के तेजी से बढ़ते मामलों के पीछे कई विशेषज्ञ लोकल ट्रेन सेवाओं को भी जिम्मेदार मानते हैं.