मुंबई: महाराष्ट्र से दो अच्छी खबरें सामने आई हैं। यहां राज्य सरकार ने ऐलान किया है कि अब 18 साल से ऊपर के सभी लोगों को कोरोना वैक्सीन फ्री लगाई जाएगी। वहीं, मुंबई में नए मरीजों की संख्या पिछले एक हफ्ते से लगातार कम हो रही है।
हालांकि चिंता की बात है कि राज्य में अभी नए संक्रमितों का आंकड़ा 60,000 से ऊपर बना हुआ है। पिछले 24 घंटे में कोरोना के 66,191 नए केस मिले हैं। इसी दौरान 61,450 लोग रिकवर हुए और 832 की मौत हुई है। अब तक राज्य में 42 लाख 95 हजार 27 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 35 लाख 30 हजार 60 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 64,760 लोगों की मौत हो गई है।
महाराष्ट्र में 6,98,354 (तकरीबन 7 लाख) मरीजों का अभी इलाज चल रहा है। इस हिसाब से महाराष्ट्र दुनिया का चौथा ऐसा स्थान बन गया है जहां सबसे ज्यादा एक्टिव पेशेंट हैं। महाराष्ट्र से ज्यादा एक्टिव पेशेंट अमेरिका, ब्राजील और फ्रांस में ही हैं।
मुंबई में संक्रमण के मामलों में लगातार कमी देखने को मिल रही है। 18 अप्रैल को यहां 8,400 नए मरीज मिले थे। यह संख्या लगातार कम होते हुए 25 अप्रैल तक 5,542 तक पहुंच गई है। मरीजों की संख्या दोगुना होने का समय भी लगातार बढ़ता जा रहा है। अब यहां तकरीबन 2 महीने (58 दिन) में मरीज डबल हो रहे हैं।
BMC कमिश्नर IS चहल के अनुसार, मुंबई के कुल संक्रमित मरीजों में से 87% मरीज बिना लक्षण वाले हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत नहीं है। मुंबई में 18 अप्रैल को कोरोना की ग्रोथ रेट 1.53% थी, जो अब घटकर 1.17% पर आ गई है। सभी 24 वॉर्डों में ग्रोथ रेट 2% से कम है। 8 वॉर्डों में ग्रोथ रेट 1% से भी नीचे है।
मुंबई में ऑक्सीजन आपूर्ति का संकट टल गया है। तलोजा स्थित लिंडे कंपनी के ऑक्सीजन प्लांट में तकनीकी गड़बड़ी के कारण मुंबई में अगले दो दिन तक ऑक्सीजन आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही थी। इसे देखते हुए कमिश्नर चहल ने सभी अस्पतालों को अलर्ट रहने को कहा था। लिंडे कंपनी से मुंबई को रोज 103 मीट्रिक टन ऑक्सीजन की सप्लाई होती है। चहल ने इसके बैकअप के लिए रायगड की जिंदल कंपनी से ऑक्सीजन आपूर्ति करने की कोशिश शुरू कर दी थी।
महाराष्ट्र में 18 से 45 साल वाले लोगों को भी कोरोना टीका मुफ्त लगाया जाएगा। राज्य के अल्पसंख्यक विकास मंत्री नवाब मलिक ने यह जानकारी दी है । मलिक ने कहा, ‘महाविकास आघाड़ी सरकार अपनी तिजोरी से प्रदेशवासियों को टीके लगाएगी। उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कोरोना टीके उपलब्ध कराने के लिए ग्लोबल टेंडर निकालने की घोषणा की है। इसके अनुसार जल्द से जल्द टेंडर निकालकर जो कंपनी अच्छा और सस्ता टीका देगी, उससे राज्य के लिए टीका खरीदा जाएगा।’
मलिक ने कहा कि केंद्र सरकार ने जो नीति घोषित की है, उससे स्पष्ट है कि वह राज्यों को 18 से 45 साल वालों के लिए टीके की आपूर्ति नहीं करेगी । इसकी व्यवस्था राज्यों को खुद करनी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार को 18 से 45 वालों के वैक्सीनेशन के लिए करीब 15 करोड़ डोज खरीदने पड़ेंगे। मलिक ने कहा कि राज्य में 45 साल से अधिक उम्र वालों के लिए टीके उपलब्ध नहीं होने के कारण कई टीकाकरण केंद्र बंद हो गए हैं। केंद्र सरकार जल्द से जल्द हमें कोरोना टीके उपलब्ध कराए।





Users Today : 17
Users Yesterday : 33
Users Last 7 days : 361
Users Last 30 days : 923
Users This Month : 289
Users This Year : 9239
Total Users : 70446
Views Today : 27
Views Yesterday : 59
Views Last 7 days : 495
Views Last 30 days : 1189
Views This Month : 401
Views This Year : 10438
Total views : 106461
Who's Online : 0


