मुंबई, चलती ट्रेन पर चढ़ने-उतरने के दौरान यात्रियों के गिरने के मामले आए दिन सामने आते हैं। ऐसी ही एक घटना बोरीवली रेलवे स्टेशन पर हुई। यहां एक यात्री तेज रफ्तार ट्रेन से उतरने के चक्कर में प्लेटफॉर्म पर गिर गया। वह एक बार तो ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच आया भी, लेकिन ट्रेन से टकराकर दूर हो गया, तभी वहां मौजूद RPF कॉन्स्टेबल ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसका हाथ पकड़कर खींच लिया और उसकी जान बचाई।
बोरीवली RPF से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना 29 जून की रात 11:45 बजे की है। यह यात्री स्वर्ण मंदिर एक्सप्रेस (02904) से यात्रा कर रहा था। ट्रेन जैसे ही बोरीवली स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 7 पर पहुंची तो उसकी रफ्तार थोड़ी धीमी हो गई। यात्री को लगा कि वह चलती ट्रेन से नीचे उतर सकता है। इसके बाद उसने दरवाजे पर खड़े होकर पहला पैर जैसे ही प्लेटफॉर्म पर रखा उसका बैलेंस बिगड़ गया और ट्रेन से टकराते हुए प्लेटफॉर्म के गैप में गिरने लगा। उसे गैप में गिरता देख वहां तैनात RPF कॉन्स्टेबल विनीत कुमार ने दौड़ लगाई और उसका हाथ पकड़कर सही समय पर खींच लिया।
यह पूरी घटना रेलवे स्टेशन पर लगे CCTV कैमरे में कैद हुई है। आधी रात को सतर्कता से ड्यूटी देने वाले कॉन्स्टेबल विनीत कुमार की मुस्तैदी की अब सब तारीफ कर रहे हैं। बोरीवली RPF ने भी उन्हें सम्मानित करने की बात कही है।
यह कोई पहला मामला नहीं है जब RPF के जवान ने यात्री की जान बचाई है। इससे पहले लोकमान्य तिलक टर्मिनस में एक यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने के चक्कर में प्लेटफॉर्म गैप में गिर पड़ा था। हालांकि, मौके पर मौजूद RPF के सब इंस्पेक्टर मिलिंद पठारे ने फुर्ती दिखाते हुए उसे खींच लिया था।
बीते महीने ऐसा ही एक वीडियो बिहार स्थित गया जिले से सामने आया था। यहां भी RPF के एक SI ने अपनी जान पर खेलकर यात्री की जान बचाई थी। इससे पहले भी मुंबई में मध्य रेलवे के एक मोटरमैन ने समय पर ट्रेन रोककर एक 79 वर्षीय बुजुर्ग की जान बचाई थी। मुंबई के वांगणी रेलवे स्टेशन पर एक पॉइंट्समैन ने ट्रैक पर गिरे बच्चे को बचाने की घटना भी काफी चर्चा में रही थी।





Users Today : 1
Users Yesterday : 57
Users Last 7 days : 387
Users Last 30 days : 864
Users This Month : 348
Users This Year : 9298
Total Users : 70505
Views Today : 1
Views Yesterday : 81
Views Last 7 days : 540
Views Last 30 days : 1126
Views This Month : 485
Views This Year : 10522
Total views : 106545
Who's Online : 0


