मुंबई, तो क्या अब महानायक अमिताभ बच्चन के घर की ‘दीवार’ को तोड़ दिया जाएगा? बताया जा रहा है कि बिग बी के घर ‘प्रतीक्षा’ के सामने से गुजर रही सड़क के चौड़ीकरण को लेकर बीएमसी अब गंभीर हो गई है। हालांकि, करीब चार साल पहले ही अमिताभ बच्चन और उनके पड़ोसियों को नोटिस देकर बीएमसी ने सड़क चौड़ीकरण के लिए जमीन देने को कहा था। उस वक्त बिग बी के कई पड़ोसी अपनी जमीन देने के लिए तैयार भी हो गए थे। हालांकि, अमिताभ बच्चन की तरफ से उस वक्त कुछ नहीं कहा गया था।
अब इस मुद्दे को लेकर वार्ड नंबर-90 की निगम पार्षद एडवोकेट तुलिप मिरांडा ने सवाल उठाए हैं। निगम पार्षद ने कहा कि ‘बीएमसी ने साल 2017 में अमिताभ बच्चन को सड़क चौड़ीकरण नीति के तहत नोटिस दिया था, लेकिन कोई एक्शन नहीं लिया गया। जब यह नोटिस जारी हो चुका था तब बीएमसी ने उनसे जमीन क्यों नहीं ली? जब बीएमसी नोटिस दे देती है तब उसके बाद अपील की जरुरत नहीं पड़ती है।’ निगम पार्षद ने आरोप लगाया है कि बीएमसी जानबूझ कर कार्रवाई करने में देर कर रही है।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो साल 2017 में जब अमिताभ बच्चन समेत उनके कई पड़ोसियों को नोटिस दिया गया था तब उसके बाद बीएमसी ने कई लोगों की जमीन ली भी थी। यहां तक कि साल 2019 में ‘प्रतीक्षा’ के बिल्कुल पास रहने वाले महानायक के पड़ोसी के.वी. सत्यमूर्ति के बंगले को भी तोड़ा गया था। लेकिन सुपरस्टार के बंगले पर कोई कार्रवाई नहीं हो सकी थी।
पार्षद द्वारा इस मामले में सवाल उठाए जाने के बाद बीएमसी ने जवाब दिया है कि ‘BMC जल्द से जल्द उस प्रॉपर्टी से जमीन लेने जा रही है। बस सिटी सर्वे ऑफिस नापकर बता दें कि ‘प्रतीक्षा’ के प्लॉट से कितनी जमीन ली जानी है। दिसंबर 2019 में ‘प्रतीक्षा’ के डिमार्केशन के लिए अप्लाई कर उसकी फीस भी भरी जा चुकी है। फरवरी 2021 में एक जॉइंट डिमार्केशन हुआ था, मगर सर्वे ऑफिशियल्स ने बताया था कि मैप में कुछ गड़बड़ी है।’
जुहू में जहां अमिताभ बच्चन का यह बंगला है वहां सड़क की चौड़ाई बढ़ाने की योजना है। इस बंगले का एक हिस्सा गिराया जाना है। करीब 8-9 फीट जमीन बीएमसी बंगले की ‘दीवार’ को हटाकर ले लेगी। संत ज्ञानेश्वर मार्ग की चौड़ाई इसलिए बढ़ाई जा रही है क्योंकि यहां अक्सर आम लोगों को जाम से दो-चार होना पड़ता है। यह सड़क चंदन सिनेमा एरिया को लिंक रोड से जोड़ती है। इस रोड की चौड़ाई को बढ़ाकर 60 फीट कर दिया जाएगा। आपको बता दें कि ‘प्रतीक्षा’ वह पहली प्रॉपर्टी है जिसे अमिताभ बच्चन ने मुंबई में खरीदा था।





Users Today : 17
Users Yesterday : 33
Users Last 7 days : 361
Users Last 30 days : 923
Users This Month : 289
Users This Year : 9239
Total Users : 70446
Views Today : 28
Views Yesterday : 59
Views Last 7 days : 496
Views Last 30 days : 1190
Views This Month : 402
Views This Year : 10439
Total views : 106462
Who's Online : 0


