Home Crime गैंगस्टर रवि पुजारी का करीबी सादिक बंगाली गिरफ्तार

गैंगस्टर रवि पुजारी का करीबी सादिक बंगाली गिरफ्तार

84
0

मुंबई:गैंगस्टर रवि पुजारी के साथ मुंबई पुलिस उसके गुर्गों पर भी शिकंजी कस रही है। पुलिस ने मंगलवार को एक कुख्यात अपराधी और गैंगस्टर रवि पुजारी के एक करीबी को गिरफ्तार किया और उसके पास से दो पिस्तौल और 15 जिंदा कारतूस जब्त किए। मुंबई पुलिस की जबरन वसूली रोधी प्रकोष्ठ (एईसी) ने यह कार्रवाई की थी।
पुलिस ने जो आरोपी गिरफ्तार किया है, उसका नाम सादिक बंगाली है जो 44 साल का है। सादिक को 2007 में फिल्म निर्माता महेश भट्ट पर गोलीबारी के लिए भी गिरफ्तार किया गया था। हालांकि इस मामले में ये बरी हो गया था। पुलिस ने बताया कि सादिक बंगाली मुंबई और पुणे में दर्ज गंभीर अपराधों में शामिल है।
पुलिस के मुताबिक बंगाली ने खुलासा किया कि वह हथियारों को किसी को बेचने के लिए लाया था, क्योंकि उसे पैसे की जरूरत थी। वह एक शार्पशूटर है और एक दशक से अधिक समय से पुजारी के गिरोह से जुड़ा हुआ है। अपराध शाखा के एक अधिकारी ने बताया कि उसे नवी मुंबई के पूर्व पार्षद के भाई देवीदास चौगले की हत्या के एक मामले में भी गिरफ्तार किया गया था।
इससे पहले 2018 में पुलिस ने उसे सांताक्रूज इलाके से चार पिस्टल और 29 जिंदा राउंड के साथ गिरफ्तार किया था। अब वह उत्तर प्रदेश से हथियार लेकर आया था, लेकिन उसने आपूर्तिकर्ता के सटीक क्षेत्र और नाम का खुलासा नहीं किया है। उसे कोर्ट में पेश कर 30 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर लिया गया।