Home Crime राजफाश : मां की हत्या, दो साल से घर में दफन थी...

राजफाश : मां की हत्या, दो साल से घर में दफन थी लाश

191
0

मुंबई, कहा जाता है कि पूत, कपूत हो सकता है लेकिन माता कभी कुमाता नहीं हो सकती है। हाल ही में पश्चिम बंगाल में कपूतों के हाथों माओं के मारे जाने के मामले कुछ ज्यादा ही सामने आ रहे हैं। सप्ताह भर पहले ही पश्चिम बंगाल के हावड़ा जिले में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया था। हावड़ा थाना क्षेत्र में घटी इस घटना में कर्ज नहीं चुका पाने के कारण आर्थिक तंगी से परेशान युवक की पत्नी ने घर छोड़ दिया तो अवसाद में उसने अपनी मां की हत्या कर दी थी। बाद में उसने आत्महत्या की कोशिश की थी। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर ६५ वर्षीय मां कृष्णा हाइत की लाश और जख्मी अवस्था में पड़े ३६ वर्षीय बेटे कृष्णा हाइत को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान बेटे की भी मौत हो गई। इसी तरह की घटना दो साल पहले भी घटी थी। जब वर्ष २०१९ के मार्च महीने में बर्दवान जिले के विजयराम घोषपाड़ा इलाके में ५५ वर्षीया सागरिका लेट नामक महिला की उसी के शराबी बेटे ने गला रेतकर हत्या कर दी थी। उसी दौरान एक और बेटे ने अपनी मां की गला घोंटकर हत्या की थी, जिसका राज अब खुला है। पति द्वारा अपनी मां की हत्या के इस मामले को बहू ने खोला है।
पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्दवान जिले में एक ५८ वर्षीय वृद्धा को दो साल पहले उसी के बेटे ने मौत के घाट उतार दिया था। हत्यारे बेटे ने बूढ़ी मां को घर में ही दफन कर दिया और किसी को इसकी भनक तक नहीं लगने दी। वृद्धा का हत्यारा बेटा उसी घर में रहता था और मां की कब्रवाली जगह पर रोज अगरबत्ती जलाता रहा। उसके दूसरे बेटे ने पुलिस में अपनी मां की गुमशुदगी की शिकायत भी दर्ज कराई लेकिन दो साल तक पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। बेटे की बेरहमी का राज तब खुला जब उसकी पत्नी से उसका पंगा हो गया।
यात्रा पर जाना चाहती थी मां
ये घटना १० जनवरी, २०१९ को घटी थी। ५८ वर्षीया सुकरान पूर्वी बर्दवान जिले के बीबी हाटुडेवान पिरताला वैâनाल क्रॉसिंग इलाके में अपने छोटे बेटे सहिदुल शेख उर्फ ​​नयन के साथ रहती थी। सुकरान बीवी एक छोटी धार्मिक यात्रा पर जाना चाहती थीं, जिसके लिए वह बेटे नयन से पैसे मांग रही थी, जबकि नयन पैसे देना नहीं चाहता था। इसी बात पर हुए विवाद के बाद नयन से सुकरान के सिर पर किसी भारी वस्तु से प्रहार किया और जब वह जख्मी होकर जमीन पर गिर गर्इं तो उनका गला घोंट दिया। बताया जाता है कि नयन स्वभाव से गुस्सैल था, वह अपने गुस्से पर काबू नहीं कर पाता था। उसने गुस्से में अपनी मां को मौत के घाट उतार दिया था लेकिन बाद में वह डर गया था। हत्या के समय वहां कोई नहीं था इसलिए गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने अपने शयनकक्ष का फर्श खोदा और मां की लाश को वहीं दफना दिया। सुकरान बीबी के लापता होने के बाद पीड़िता के बड़े बेटे किस्मत अली ने बर्दवान थाने में शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस लापता सुकरान बीबी के बारे में कोई जानकारी नहीं जुटा पाई।
भारी पड़ा पत्नी से विवाद
करीब ६ महीने बाद नयन की शबाना (काल्पनिक नाम) से शादी हो गई। घर में एक खास जगह पर नयन के अगरबत्ती लगाने की बात उसकी पत्नी शबाना को खटकती थी। शबाना ने प्यार से विश्वास दिलाकर पूछा तो नयन ने उसे दो साल पहले अपनी मां की हत्या और लाश को घर में दफनाने की बात बता दी थी। पति को गिरफ्तारी से बचाने के लिए उस वक्त शबाना भी चुप रह गई। लेकिन बाद में नयन के उग्र स्वभाव से वो भी परेशान हो गई। मां की हत्या के बाद भी जब नयन का स्वभाव नहीं बदला तो शबाना डरने लगी। अपनी सुरक्षा के लिए वह पिता के घर चली गई। शबाना के अचानक घर छोड़कर जाने की जानकारी जब किस्मत अली को मिली तो वह शबाना को समझाने के लिए उसके मायके पहुंच गया। वहां शबाना ने जब किस्मत अली को घर छोड़ने की वजह और नयन द्वारा सास की हत्या की जानकारी दी तो वह हैरान रह गया।
किस्मत ने खोला नयन का राज
अचानक मां के लापता होने से परेशान किस्मत अली को शबाना ने नयन की सच्चाई बता दी थी, जिसके बाद किस्मत सीधे पुलिस थाने पहुंच गया और उसने पुलिस को भाई द्वारा मां की हत्या किए जाने की जानकारी दे दी। बाद में शबाना ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसका पति उसे रोज शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था और कभी-कभी उससे कहता था कि वह उसे भी मारकर घर में ही दफना देगा। इसी डर से उसने नयन का घर छोड़ दिया। शबाना से मिली जानकारी के बाद मंगलवार की रात पुलिस ने नयन को गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश के बाद बुधवार को पुलिस ने न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने बेडरूम के फर्श की खुदाई कराई। वहां कुछ हड्डियां मिलीं, जिन्हें पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करने की बात कह रही है।