Home Country ४.५ लाख रुपए में किया कोख का सौदा, मेडिकल रिपोर्ट निगेटिव आने...

४.५ लाख रुपए में किया कोख का सौदा, मेडिकल रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद प्रेमी फरार

50
0

मुंबई, मुंबई निवासी एक युवती प्रेमी के कहने पर सरोगेट मदर के जाल में फंस गई। शादी का झांसा देकर प्रेमी ने साढ़े चार लाख रुपए में उसकी कोख का सौदा कर दिया। परंतु युवती की मेडिकल रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद प्रेमी उसे हैदराबाद के अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस पीड़ित युवती को हैदराबाद से वापस लाई है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि मालाड निवासी २२ वर्षीय युवती कोरोना काल में आर्थिक तंगी से गुजर रही थी। युवती ने इंस्टाग्राम के माध्यम से करीबी दोस्त से जॉब लगाने के लिए संपर्क किया था। दोस्त ने नई मुंबई के घनसोली स्थित डायग्नोस्टिक लैबोरेटरी सेंटर में काम दिलाने में उसकी मदद की। युवती को डायग्नोस्टिक लैबोरेटरी में काम करनेवाले २४ वर्षीय सहकर्मी से प्रेम हो गया था। प्रेमी ने शादी का झांसा देकर कल्याण और तलोजा सहित करीबी लोगों के यहां युवती से कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
वर्ष २०२१ में कोरोना काल की आर्थिक तंगी से डायग्नोस्टिक लैबोरेटरी बंद हो गई। काम बंद होने के कारण प्रेमी पुणे में रहना चाहता था लेकिन युवती ने मना कर दिया। युवती ने मुंबई में शादी करने और रहने की जिद की, जिसके बाद प्रेमी ने चालाकी से शादी और घर खरीदने का लालच देकर किराए पर कोख देने के लिए युवती को राजी कर लिया था। प्रेमी ने एक महिला की मदद से साढ़े चार लाख रुपए में युवती की कोख का सौदा तय कर दिया। हैदराबाद के एक अस्पताल में करीब एक महीने तक युवती की जांच की गई। जांच में युवती सरोगेट मदर के लिए अनफिट बताई गई, जिसके बाद प्रेमी युवती को अस्पताल में छोड़कर फरार हो गया। युवती ने अपनी आपबीती परिजनों को बताई, जिसके बाद पुलिस की मदद से युवती को वापस मुंबई लाया गया है।
मालाड पुलिस के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक डी. लिंगड़े ने बताया कि लापता का मामला दर्ज कर पीड़ित युवती की लोकेशन को ट्रेस किया गया, जिसके बाद पुलिस की एक टीम हैदराबाद से पीड़ित को वापस लेकर आई है। पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ बलात्कार सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।