Home Country लोकल में यात्री भूल गया बैग, आरपीएफ ने लौटाया

लोकल में यात्री भूल गया बैग, आरपीएफ ने लौटाया

52
0

मुंबई, मुंबई की लोकल ट्रेन में सफर के दौरान कई बार यात्री अपना बैग भूल जाते हैं। अधिकतर यात्रियों को उनका खोया हुआ माल नहीं मिल पाता। ऐसा इसलिए क्योंकि यात्री का बैग या तो किसी गलत हाथ में लग जाता है या फिर लोकल के शातिर चोर उड़ा ले जाते हैं परंतु हर यात्रियों का नसीब विवेक चव्हाण जैसा नहीं होता है। पश्चिम रेलवे आरपीएफ ने चव्हाण का बिना किसी संपर्क के खोजकर उनका खोया हुआ बैग लौटाकर उन यात्रियों में उम्मीद जगाई है, जो अपना बैग या फिर कीमती सामान लोकल में भूल जाते हैं।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित ठाकुर ने मामले की पूरी जानकारी देते हुए बताया कि यात्री विवेक चव्हाण और उनकी पत्नी विरार से अंधेरी ट्रेन से जा रहे थे। अंधेरी स्टेशन पर उतरते समय दंपति ट्रेन में रैक पर रखे अपने बैगों में से एक बैग को भूल गए और लोकल ट्रेन में वह बैग छूट गया। कुछ समय बाद ही उन्हें अपने छूटे हुए बैग का पता चला और चूंकि वे अपनी फ्लाइट पकड़ने की जल्दी में थे इसलिए वे रेलवे हेल्पलाइन से संपर्क नहीं कर सके। बैग में महत्वपूर्ण दस्तावेज, कंपनी आईडी, एक चार्जर, हेडफोन, बैंक पासबुक और ५,००० रुपए नकद थे। हालांकि चव्हाण का कोई संपर्क नंबर नहीं था।
ठाकुर ने बताया कि ऑन-ड्यूटी स्टेशन अधीक्षक/कांदिवली अशफाक शेख ने बैग मिलने पर उसके मालिक का पता लगाने के लिए बैग की जांच की। उन्‍हें केवल कंपनी का एक आईडी कार्ड मिला और उस आईडी कार्ड की मदद से शेख ने बैग के मालिक का पता लगाने के लिए कंपनी से संपर्क किया। कंपनी के अधिकारी ने चव्हाण से संपर्क किया और गुमशुदा बैग के मिलने और स्‍टेशन अधीक्षक-कांदिवली के पास रखे होने की जानकारी दी। मुंबई लौटने पर चव्हाण अपने पहचान प्रमाण-पत्र के साथ अपना सामान लेने कांदिवली स्टेशन पहुंचे।