Home Country अभिनेत्री साइबर ठगों की शिकार, तीन लाख रुपए लूट लिए

अभिनेत्री साइबर ठगों की शिकार, तीन लाख रुपए लूट लिए

63
0

मुंबई, लोकप्रिय हिंदी टीवी शो में काम कर चुकी ७४ वर्षीय अभिनेत्री साइबर ठगों की शिकार हो गई। शराब की दुकान के कर्मचारी बनकर जालसाजों ने कथित रूप से महिला से तीन लाख रुपए लूट लिए। महिला ने शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक अभिनेत्री अपने भतीजे के लिए एक पार्टी का आयोजन करना चाहती थी, जिसकी पुणे में शादी हो रही थी। वह उसे उपहार के रूप में अमृत व्हिस्की की एक बोतल देना चाहती थी। महिला को गूगल की वेबसाइट से शराब की दो दुकानों के मोबाइल नंबर मिले थे। उसने नंबर पर कॉल किया और व्हिस्की के लिए ४,८०० रुपए का भुगतान किया लेकिन डिलिवरी नहीं हुई। उसने फिर से नंबर पर कॉल किया और पैसे वापस मांगे।
साइबर ठगों ने उसे बताया कि किसी भी धन वापसी के लिए सरकार के नियमों के अनुसार शराब की दुकान के साथ ऑनलाइन पंजीकरण करना अनिवार्य है। इस बहाने से उसके डेबिट और क्रेडिट का विवरण लिया और एक वन-टाइम पासवर्ड (ओटीपी) जारी किया। पीड़ित द्वारा ओटीपी साझा करने के तुरंत बाद खाते से ३.०५ लाख रुपए कट गए। महिला ने कई बार आरोपी को फोन किया लेकिन उसने फोन नहीं उठाया और बाद में फोन बंद कर दिया।