Home Crime नौ सालों में एमपीआईडी के तहत 102 मामले दर्ज, 196 आरोपी गिरफ्तार

नौ सालों में एमपीआईडी के तहत 102 मामले दर्ज, 196 आरोपी गिरफ्तार

21
0

मुंबई : आर्थिक धोखाधड़ी और निवेशकों के हितों की सुरक्षा को लेकर मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (इओडब्ल्यू) ने वर्ष 2015 से 2024 तक के बीच नौ वर्षों में सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 102 आपराधिक मामले दर्ज किए हैं। इन मामलों में कुल 196 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। ये सभी मामले महाराष्ट्र निवेशक हित संरक्षण अधिनियम (एमपीआईडी एक्ट) के अंतर्गत दर्ज किए गए थे और इनकी जांच मुंबई पुलिस की 13 विशेष यूनिट द्वारा की गई।
इस अवधि में सबसे अधिक सक्रियता यूनिट 8 की रही, जिसने अकेले 67 मामले दर्ज किए और 141 लोगों को गिरफ्तार किया। इसी यूनिट ने 45 मामलों में चार्जशीट दाखिल की जबकि 22 मामले अब भी जांच के अधीन हैं। यह यूनिट वित्तीय धोखाधड़ी के मामलों में सबसे अधिक प्रभावी साबित हुई है। अन्य इकाइयों ने भी विभिन्न आर्थिक अपराधों में कार्रवाई की है। यूनिट 1 (हाउसिंग-1) ने 12 मामलों में कार्रवाई की, जिसमें 10 गिरफ्तारियां और 8 मामलों में चार्जशीट दाखिल की गई, जबकि 4 मामलों की जांच अभी चल रही है। यूनिट 3 (जनरल चीटिंग-1) ने 6 मामलों में 10 गिरफ्तारियां कीं और 3 मामलों में चार्जशीट दायर की, वहीं 3 मामलों की जांच जारी है। यूनिट 6 (जनरल चीटिंग-4) ने 7 मामलों में 10 लोगों को गिरफ्तार किया और सभी मामलों में चार्जशीट दाखिल की गई। यूनिट 7 (शेयर घोटाले) ने 4 मामलों में 21 गिरफ्तारियां कीं और 2 मामलों में चार्जशीट दाखिल की, जबकि 2 अन्य की जांच जारी है। यूनिट 13 (एनएसईएल) में दो मामले दर्ज हुए, जिसमें एक आरोपी गिरफ्तार किया गया, पर अब तक कोई चार्जशीट दाखिल नहीं हुई है।