Home Crime महाठग के खिलाफ ईडी ने पटियाला कोर्ट में पेश की चार्जशीट

महाठग के खिलाफ ईडी ने पटियाला कोर्ट में पेश की चार्जशीट

37
0

नई दिल्ली, जांच एजेंसी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में देश के सबसे बड़े करोड़पति ठग सुकेश चंद्रशेखर और उसकी पत्नी लीना मारिया पॉल सहित ८ लोगों के खिलाफ करीब ७ हजार पन्नों की चार्जशीट दायर की। तिहाड़ जेल में बैठकर २०० करोड़ रुपए की वसूली करने वाले महाठग सुकेश के बारे में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जमा की गई चार्जशीट में जांच एजेंसी ने बताया कि सुकेश ने अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज को ५२ लाख का घोड़ा और ९ लाख की फारसी बिल्ली गिफ्ट देकर फंसाने का प्रयास किया था। इसके अलावा ईडी द्वारा पेश की गई चार्जशीट में नोरा फतेही को भी दिए करोड़ों के उपहार देकर डोरा डालने का जिक्र किया गया है।
सूत्रों के मुताबिक ईडी ने अपनी चार्जशीट में जैकलीन फर्नांडीज के साथ-साथ अभिनेत्री नोरा फतेही का भी जिक्र किया है। इस मामले में फर्नांडीज और उनके सहयोगियों से भी पूछताछ की जा चुकी है। गौरतलब है कि चंद्रशेखर ने पहले मीडिया को बताया था कि उन्होंने नोरा फतेही को एक कार गिफ्ट की थी। चार्जशीट के अनुसार चंद्रशेखर और फर्नांडीज ने इस साल जनवरी के आस-पास बात करना शुरू किया और बाद में उन्होंने उसे उपहार भेजना शुरू कर दिया। यह भी पता चला है कि चंद्रशेखर जेल में रहने के दौरान फर्नांडीज से फोन पर बात कर रहा था।
चार्जशीट में कहा गया है कि चंद्रशेखर ने नोरा फतेही को एक बीएमडब्ल्यू कार और एक आईफोन गिफ्ट किया, जिसकी कीमत कुल मिलाकर १ करोड़ रुपए है। इससे पहले नोरा फतेही की प्रवक्ता ने कहा था कि वह `पीड़ित रही हैं’। प्रवक्ता ने कहा कि आरोपी के साथ उनका कोई व्यक्तिगत संबंध नहीं है और ईडी ने उसे जांच में सख्ती से मदद करने के लिए बुलाया है। उन्होंने कहा कि वो जांच में सहयोग कर रही हैं।