Home Crime शिवसेना के मजाक का बदला ED भेज कर लोगे जनाब?’ BJP प्रदेश...

शिवसेना के मजाक का बदला ED भेज कर लोगे जनाब?’ BJP प्रदेश अध्यक्ष को संजय राउत ने दिया जवाब

30
0

मुंबई : महाराष्ट्र में रविवार (27 मार्च) को बीजेपी और शिवसेना के बीच खूब तू-तू मैं-मैं हुई. सबसे पहले संजय राउत ने शिवसेना के मुखपत्र सामना में पीएम मोदी को मालिक कहते हुए लिखा, ‘ मालिक तो महान है, चमचों से परेशान है.’ बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटील की खिल्ली उड़ाते हुए उन्होंने सुबह मुंबई में पत्रकारों से कहा, ‘ सिर्फ पीएम मोदी 22 घंटे काम करते हैं. 24 घंटों में से 22 घंटे काम करते हैं. समझिए जरा बात को. उनको किसी तरह से दो घंटे सोने के लिए मिलते हैं. चंद्रकांत दादा पाटील चाहते हैं कि वे दो घंटे भी ना सोएं. उन दो घंटों में भी वे देश की सेवा करें. यह चमचागिरी की हद है. इससे पहले भी देश में चमचे हुए. महात्मा गांधी के भी चमचे होते थे.लेकिन ऐसे चमचे हमने देखे नहीं.’
इसके जवाब में चंद्रकांत पाटील ने कहा, ‘ मैंने सामना पढ़ना भी बंद किया और संजय राउत पर बोलना भी बंद किया. मुझ पर व्यक्तिगत रूप से छींटाकशी की जा रही है. इन सबका जवाब मिलेगा. यह मजाक उनको महंगा पड़ेगा. मैं जो-जो कहता हूं, वो सही होता है. ‘
यह थी चंद्रकांत पाटील की धमकी, जिससे लग गई संजय राउत को मिर्ची
दरअसल शिवसेना नेता और मुंबई महानगरपालिका की स्थायी समिति के अध्यक्ष यशवंत जाधव की जांच में आयकर विभाग को एक डायरी मिली है. इस डायरी में मातोश्री को 60 लाख की घड़ी और 2 करोड़ कैश गिफ्ट देने का जिक्र है. मातोश्री मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के बंगले का नाम है. हालांकि जाधव ने पूछताछ में अपनी सफाई में यही कहा है कि मातोश्री का मतलब उनकी मां से है. इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए चंद्रकांत पाटील ने कहा था, ‘ऐसी डायरी मिली कि नहीं, इस बारे में मुझे जानकारी नहीं. लेकिन मुझे इतना जरूर दिखाई दे रहा है कि बहुत कुछ अभी होने वाला है.बार-बार संजय राउत की ओर से मेरा मजाक उड़ाया जाता रहा है. लेकिन यह मजाक उनको महंगा पड़ेगा. क्योंकि मैं जो भी कहा करता हूं, वो सही हुआ करता है.’