मुंबई, झोपड़पट्टी बाहुल्य क्षेत्रों में रहनेवाले गरीबों को अक्टूबर से मनपा की अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उनके घरों के पास ही मिल जाएंगी। इसके तहत ‘हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे’ स्वास्थ्य केंद्र के लिए मनपा ने मुंबई की झोपड़पट्टियों में स्थित ५० स्थानों को सुनिश्चित किया है। इतना ही नहीं, इसके लिए आवश्यक डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्ति भी की जा चुकी है। यह जानकारी देते हुए अतिरिक्त आयुक्त डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि अक्टूबर से इन स्वास्थ्य केंद्रों की सुविधा लोगों को मिलने लगेगी।
मुंबईवासियों के घर के निकट स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने और बीमारी के बिगड़ने से पहले उसका समय पर इलाज करने के उद्देश्य से इस साल के बजट में मनपा ने ‘हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे’ स्वास्थ्य केंद्र शुरू करने का प्रावधान किया। इसके तहत पहले चरण में १०० और दूसरे चरण में १०० स्वास्थ्य केंद्रों को शुरू किया जाएगा। मनपा के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. संजीव कुमार ने बताया कि इस पर क्रियान्वयन शुरू हो गया है। इन स्वास्थ्य केंद्रों के लिए पोर्टा केबिन में स्वास्थ्य केंद्र शुरू किए जाएंगे। मनपा के नियमित स्वास्थ्य केंद्र शाम चार बजे के बाद बंद होने के बाद भी नए स्वास्थ्य केंद्र रात १० बजे तक खुले रहेंगे। यहां पर डॉक्टरों के साथ ही नर्सों, सफाईकर्मियों की भी नियुक्ति की जाएगी। इस उपक्रम के लिए नियुक्त किए गए २०० डॉक्टरों में से ९० डॉक्टरों को शॉर्टलिस्ट किया गया है।
प्राथमिक स्वास्थ्य सेवा के तहत २११ स्वास्थ्य केंद्र, १८९ दवाखाना, २७ प्रसूति अस्पताल, १६ उपनगरीय अस्पताल, पांच विशेष अस्पताल और तृतीय स्तरीय स्वास्थ्य सेवा के तहत चार मेडिकल कॉलेज, पांच अस्पताल और एक डेंटल कॉलेज हैं। इन स्वास्थ्य केंद्रों के उपक्रम से मनपा के बड़े और उपनगरीय अस्पतालों में प्राथमिक इलाज के लिए होनेवाली भीड़ कम होगी। साथ ही इन पर पड़नेवाला बोझ भी कम होगा। मुंबई में १.३० करोड़ जनसंख्या में से ६० फीसदी आबादी झोपड़पट्टी में रहती है इसलिए यह उपक्रम उपयोगी साबित होगा।





Users Today : 6
Users Yesterday : 12
Users Last 7 days : 90
Users Last 30 days : 291
Users This Month : 42
Users This Year : 2824
Total Users : 64031
Views Today : 6
Views Yesterday : 12
Views Last 7 days : 103
Views Last 30 days : 389
Views This Month : 48
Views This Year : 3363
Total views : 99386
Who's Online : 0


