Home Crime खाद्य और सुरक्षा अधिनियम का उल्लंघन करनेवालों पर एफडीए की सख्ती

खाद्य और सुरक्षा अधिनियम का उल्लंघन करनेवालों पर एफडीए की सख्ती

46
0

मुंबई, महाराष्ट्र का खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) की तरफ से मिलावटखोरों के खिलाफ मुहिम शुरू की गई है। बताया जा रहा है कि मुंबई शहर में एफडीए खाद्य और सुरक्षा अधिनियम का उल्लंघन करनेवालों पर सख्ती से कार्रवाई कर रहा है। इसके तहत एफडीए द्वारा १३ विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें मिठाई की दुकानों का निरीक्षण करेंगी और नमूनों को लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला विश्लेषण के लिए भेजेंगी। वहीं होटलों के बाद अब मिठाई के दुकानों की बारी आने से व्यापारियों में हड़कंप मचा हुआ है। एफडीए ने यह साफ किया है कि मिलावट के खिलाफ शुरू यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
एफडीए के संयुक्त आयुक्त (खाद्य) शैलेश आढ़ाव के मुताबिक, घटिया और मिलावटी खाद्य सामग्रियों खासकर मिठाई, खाद्य तेल, नमकीन, मावा आदि के खिलाफ कड़ा अभियान चलाया गया है। इसके अलावा यदि कोई मिलावटी, अशुद्ध अथवा घटिया खाद्य सामान बेचते हुए पकड़ा जाता है, तो उसे भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण के प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
टीम में शामिल एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि एफएसएसएआई द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों के बावजूद त्योहारी सीजन के दौरान गोदामों अथवा मिठाई की दुकानों द्वारा मिलावटी और घटिया सामग्री का उपयोग बढ़ जाता है। इसे देखते हुए दिशा-निर्देशों में खुली पैक मिठाई बेचनेवाले दुकानदारों को सख्ती से सलाह दी गई है कि वे ट्रे पर बनाने से लेकर समाप्ति तिथि तक का पूरा विवरण दर्ज करें, ताकि ग्राहकों को पता चल सके कि वे खरीदारी के बाद कितने समय तक इसका सेवन कर सकते हैं। कई दुकानदार या निर्माता एफएसएसएआई मानदंडों का उल्लंघन कर रहे हैं और मिलावटी मिठाइयां बेच रहे हैं, जिससे ग्राहकों को कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो रही हैं।