Home Crime मुंबई पुलिस ने बचाया अपहृत बच्चा, चार गिरफ्तार

मुंबई पुलिस ने बचाया अपहृत बच्चा, चार गिरफ्तार

13
0

मुंबई : गोरेगांव (पूर्व) इलाके से चार सदस्यीय गिरोह द्वारा बेचने के इरादे से अगवा किए गए 38 दिन के एक बच्चे को पुलिस ने बचा लिया है। साथ ही पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से दो महिलाएं हैं। पुलिस के अनुसार, 2 मार्च को वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर कंबल बेचने वाले एक दंपती ने वनराई पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई कि उनका 38 दिन का बेटा लापता है। अधिकारी ने बताया कि दंपती की पालघर से सटे वसई जाने वाली ट्रेन छूट गई थी और वह सड़क किनारे सो गए थे, जहां से बच्चा लापता हो गया। शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने अपहरण से जुड़े एक व्यक्ति पर ध्यान केंद्रित किया और उसे मलाड (पश्चिम) में पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी व्यक्ति ने अपहृत बच्चे के बारे में जानकारी दी, जिससे उसे बचाया जा सका। बाद में, अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने कहा कि गिरोह के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि वे अपहृत बच्चे को बेचने की योजना बना रहे थे। मामले की जांच चल रही है।