मुंबई : मुंबई-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग-48 पर शनिवार का दिन हादसों के नाम रहा। वसई क्षेत्र में कुछ ही घंटों के अंतराल में दो बड़े सड़क हादसे हुए, जिनसे जहां ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। वहीं, इस हादसे में तीन लोगों की जान चली गई और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। लगातार हुई इन घटनाओं ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहला हादसा वसई के ससुपाड़ा इलाके में हुआ, जहां एक साथ 6 वाहनों की जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एक कंटेनर, दो कारें, एक टेंपो, एक बस और एक पिकअप वाहन शामिल थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई वाहनों के चालक अपने केबिन में फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और हाईवे ट्रैफिक पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला गया। हादसे में आयशर टेम्पो चालक रमेश यादव घायल हो गए, जिन्हें आर्बिट हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधिकारी देवेंद्र घोसालकर के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। इस दुर्घटना के चलते हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पहले हादसे के कुछ ही घंटों बाद दूसरा बड़ा हादसा ढेकाळे स्थित वाघोबा घाट में शाम करीब 6 बजे हुआ। यहां एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर आगे की कार्रवाई शुरू की। मृतकों के शवों को मनोर ग्रामीण अस्पताल भेज दिया गया है। हादसे के बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। लगातार हुए इन दो बड़े हादसों ने हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार, लापरवाही और अपर्याप्त निगरानी के कारण इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों ने हाईवे पर निगरानी बढ़ाई जाए, स्पीड कंट्रोल के सख्त उपाय लागू करने की मांग की, ताकि दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सतर्कता बरती जाए और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।





Users Today : 1
Users Yesterday : 57
Users Last 7 days : 387
Users Last 30 days : 864
Users This Month : 348
Users This Year : 9298
Total Users : 70505
Views Today : 1
Views Yesterday : 81
Views Last 7 days : 540
Views Last 30 days : 1126
Views This Month : 485
Views This Year : 10522
Total views : 106545
Who's Online : 0


