Home Maharashtra महाराष्ट्र : पूर्व केंद्रीय मंत्री की पोती, महाराष्ट्र के मंत्री की भतीजी…...

महाराष्ट्र : पूर्व केंद्रीय मंत्री की पोती, महाराष्ट्र के मंत्री की भतीजी… कौन हैं नीला विखे पाटिल, जो स्वीडन में बनीं सांसद?

10
0

महाराष्ट्र : महाराष्ट्र के शिक्षाविद् अशोक विखे पाटिल की बेटी नीला विखे पाटिल ने इतिहास रच दिया है. वह स्वीडन के संसद की सदस्य चुनी गई हैं. 13 सितंबर को हुए चुनाव के बाद वह स्टॉकहोम सीट से सांसद बनी हैं. उन्हें स्वीडन की ग्रीन पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया था. चुनाव जीतने के बाद 41 साल की पॉलिटिशियन ने कहा कि वह स्टॉकहोम और स्वीडन के विकास में योगदान देने के लिए उत्सुक हैं. आइए जानते हैं नीला विखे पाटिल कौन हैं-
स्वीडन में जन्मी नीला ने स्कैंडिनेवियाई देश में अपना राजनीतिक करियर बनाने से पहले अपने शुरुआती वर्ष महाराष्ट्र के अहमदनगर में बिताए. उन्होंने स्वीडिश प्रधानमंत्री कार्यालय में राजनीतिक सलाहकार के रूप में काम किया है, जहां उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्टीफन लोफवेन के प्रशासन के दौरान फाइनेंश, टैक्स और हाउसिंग पर फोकस किया था. बाद में उन्होंने स्टॉकहोम नगर परिषद में अपनी सेवाएं दीं और ग्रीन पार्टी के भीतर कई पदों पर रहीं, जिनमें स्वीडिश यंग ग्रीन्स, ग्रीन पार्टी गोथेनबर्ग और ग्रीन स्टूडेंट्स ऑफ स्वीडन में भूमिकाएं शामिल हैं. वह स्टॉकहोम ग्रीन पार्टी की चुनाव समिति की सदस्य भी हैं.
नीला ने गोथेनबर्ग स्कूल ऑफ बिजनेस से इकोनॉमिक्स और लॉ में ग्रेजुएशन और एमबीए की डिग्री हासिल की है. उन्होंने मैड्रिड के कॉम्प्लूटेंस यूनिवर्सिटी में भी पढ़ाई की है. वह 2020 से ग्लोबल पेशेवर सेवा नेटवर्क प्राइसवाटरहाउसकूपर्स (PWC) में काम कर रही हैं.
नीला पूर्व केंद्रीय मंत्री बालासाहेब विखे पाटिल की पोती और महाराष्ट्र के मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल की भतीजी हैं. उनके परदादा, विठ्ठलराव विखे पाटिल ने एशिया की पहली सहकारी चीनी फैक्ट्री की स्थापना की थी. अपने दादाजी के बारे में बात करते हुए नीला ने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि मैं अपने दादाजी को गर्व महसूस कराऊंगी। उन्होंने मुझे 15 साल की उम्र में राज्य का बजट पढ़ना सिखाया था.’ उनके पिता अशोक विखे पाटिल ने भी अपनी बेटी की उपलब्धि पर गर्व जताया. बता दें कि अशोक विखे महाराष्ट्र के शैक्षणिक संस्थानों का संचालन करने वाले विखे पाटिल फाउंडेशन के प्रमुख हैं. स्वीडन में रहने के बावजूद नीला ने भारत के साथ अपना मजबूत संबंध बनाए रखा है. उन्होंने कहा, ‘मुझे भारत से बेहद प्यार है और मैं इससे बहुत जुड़ाव महसूस करती हूं. मेरे कई करीबी भारतीय दोस्त हैं. मुझे अपने दादाजी की बहुत याद आती है. अपने आखिरी दिनों में वे लगभग हर हफ्ते मुझे फोन करते थे.’