Home Country इंजीनियर को कुर्सी से बांधा और जिंदा जला दिया

इंजीनियर को कुर्सी से बांधा और जिंदा जला दिया

56
0

38 साल के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर को कुर्सी से बांधकर जिंदा जला दिया गया. आरोप इंजीनियर के ही रिश्तेदारों पर लगा है. बताया जा रहा है कि उन्हें शक था कि इंजीनियर ने जादू-टोना करवाया था, जिसकी वजह से उसके भाई की मौत हो गई थी. पुलिस ने इंजीनियर की भाभी, उसके भाई सहित अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है.
क्या है मामला?
तेलंगाना के जग्तिअल जिले का एक गांव है बलवंतपुर. इंडिया टुडे के आशीष पांडे की रिपोर्ट के मुताबिक, यहीं के एक मंदिर परिसर में बने कमरे में ये घटना हुई. हैदराबाद में इंजीनियर पवन कुमार के भाई जगन की हाल ही में हार्ट अटैक की वजह से मौत हो गई थी. पवन अपनी भाभी से मिलने गए थे. पुलिस ने बताया कि गांव के लोगों ने सूचना दी कि एक जिंदा व्यक्ति को आग लगा दी गई है. हम लोग मौके पर पहुंचे. कमरे का दरवाजा तोड़ा तो देखा, पवन कुर्सी से बंधा हुआ था और पूरी तरह जल गया था. उसकी मौत हो चुकी थी.
पवन की पत्नी कृष्णावेनी ने पुलिस को बताया कि भाभी सुमलता ने उन्हें पानी लाने के लिए भेजा था. जब वह लौटी तो पता चला कि उनके पति कमरे में बंद हैं और आग लगने की वजह से चिल्ला रहे हैं. पुलिस का कहना है कि सुमलता ने अपराध कबूल कर लिया है और आत्मसमर्पण कर दिया है.
पुलिस के मुताबिक, जगन की पत्नी सुमलता ने बताया कि कई महीनों से उनके और पवन के परिवार के बीच संबंध अच्छे नहीं थे. उनके पति जगन को पिछले महीने पवन ने जान से मारने की धमकी दी थी. इसके बाद जगन की मौत हो गई. सुमलता का कहना है कि पवन ने जादू-टोने से जगन पर कुछ करवा दिया था, इसी के कारण उनकी मौत हुई.
पवन की पत्नी का भी कहना था कि सुमलता कई दिनों से पवन पर जगन की हत्या का आरोप लगा रही थी. पवन की पत्नी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने जगन की पत्नी और उसके भाई सहित अन्य लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. पुलिस ने कहा कि अन्य आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.