Home Crime संचारबंदी में २१,९९६ लोगों पर कार्रवाई

संचारबंदी में २१,९९६ लोगों पर कार्रवाई

43
0

वसई, कोरोना वायरस के प्रसार पर काबू पाने के लिए राज्य में संचारबंदी लागू है। इसका कड़ाई से पालन कराने का निर्देश भी जिला व पुलिस प्रशासन को दिया गया है। संचारबंदी का पालन कराने के लिए पुलिस भी मुस्तैद है। दुकानें बंद कर कारोबारी इसका पूरा सहयोग कर रहे हैं, लेकिन वाहनों का आवागमन नहीं रुक रहा। पुलिस के मना करने के बाद भी कई लोग मान नहीं रहे और बहाने बनाकर बाहर निकल ही जाते हैं। ऐसे लोगों की गैरजिम्मेदारी से कोरोना वायरस को कंट्रोल करने में मुश्किल होती है। ऐसे लोगों पर पुलिस सख्ती से पेश आ रही है और पिछले २२ अप्रैल से अभी तक २१,९९६ लोगों पर कार्रवाई की गई है। इन पर कुल मिलाकर ३५,५४,१०० रुपए जुर्माना लगाया गया है।
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए जरूरी है कि लोग एक-दूसरे के संपर्क में न आएं। इसके लिए संचारबंदी का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश मनपा कमिश्नर सतीश लोखंडे व पुलिस कमिश्नर सदानंद दाते ने अफसरों को दिया है। संचारबंदी का पालन कराने के लिए पुलिस ने बैरियर लगा रखा है व प्रमुख चौराहों में तैनात है। वसई, विरार नालासोपारा, समेत अन्य स्थानों पर दुकानें तो बंद रहीं, लेकिन लोगों का आवागमन नहीं रुका। निजी वाहनों के अलावा सवारी वाहन भी सड़कों पर चल रहे हैं। आवागमन को रोकने के लिए पुलिस कार्रवाई भी करती है, लेकिन लोग नहीं मान रहे हैं। ऐसा लगता है कि कोरोना से उन्हें भय नहीं है। तुलिंज पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक राजेंद्र कांबले ने बताया कि संचारबंदी का पालन सख्ती से किया जा रहा है। पुलिस अधिकारी अतिआवश्यक सेवा को छोड़कर अन्य लोगों पर कानूनी कार्रवाई कर रहे हैं। परंतु लोग अनावश्यक कारण से भी घूम रहे हैं। ऐसे लोगों पर पुलिस अपनी पैनी नजर बनाए हुए है। बता दें कि मनपा और पुलिस की सख्ती के कारण पिछले एक सप्ताह में कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आई है।