Home Crime मनपा और ट्रैफिक पुलिस करेगी अवैध गैरेजों पर कार्रवाई

मनपा और ट्रैफिक पुलिस करेगी अवैध गैरेजों पर कार्रवाई

69
0

ठाणे, ठाणे पुलिस आयुक्तालय क्षेत्र में मौजूद अवैध गैरेजों में मोटरसाइकिलों के साइलेंसर को बदलकर उनमें भीषण आवाज करनेवाले साइलेंसर लगाए जाते हैं। इन गैरेजों पर कार्रवाई करने का ठाणे ट्रैफिक पुलिस ने निर्णय लिया है। इसी के तहत ठाणे ट्रैफिक पुलिस ने ठाणे, भिवंडी, कल्याण-डोंबिवली, उल्हासनगर, अंबरनाथ महानगरपालिकाओं के साथ पत्रव्यवहार कर कार्रवाई करने की मांग की है। मनपाओं द्वारा जल्द ही निर्णय लेकर कार्रवाई की जाएगी, ऐसी प्रतिक्रिया मनपा अधिकारियों से मिली है।
बता दें कि १५ जून से ३ जुलाई के बीच मॉडिफाइड साइलेंसर के मामले में करीब १,२०९ कार्रवाई की गई है। करीब ८९९ दोपहिया मॉडिफाइड साइलेंसर नष्ट कर दिए गए हैं। वहीं प्रेशर हॉर्न के मामले में ४९० कार्रवाई की गई है और २६७ वाहनों के प्रेशर हॉर्न को हटा दिया गया है। इसके अलावा कांच पर काली फिल्म वाले वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। ट्रैफिक पुलिस की जांच में पता चला है कि अवैध गैरेज में ही दोपहिया वाहनों का साइलेंसर बदलकर मॉडिफाइड सायलेंसर लगाया जाता है। ठाणे ट्रैफिक पुलिस ने एक लिस्ट बनाई है, जिसमें कुल अवैध गैरेज की संख्या ११० है, जिनमें से ठाणे में ५४ गैरेज, भिवंडी में २३ अवैध गैरेज, कल्याण में ११ और उल्हासनगर में २२ अवैध गैरेज हैं। इन गैरजों पर मिलकर कार्रवाई करने के लिए ठाणे ट्रैफिक पुलिस ने सभी मनपाओं के साथ पत्रव्यवहार किया है। मनपाओं द्वारा अनुमति मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी।