Home Crime एनसीपी ने महामोर्चा के जरिए लगाया बीजेपी चले जाओ का नारा

एनसीपी ने महामोर्चा के जरिए लगाया बीजेपी चले जाओ का नारा

27
0

पिंपरी : संगठनात्मक बदलाव के बाद पिंपरी-चिंचवड़ महानगरपालिका के आगामी चुनाव के मद्देनजर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को सत्तादल भाजपा के खिलाफ महामोर्चा निकालकर जोरदार शक्ति प्रदर्शन किया। इस मोर्चा के जरिए राष्ट्रवादी कांग्रेस ने सत्तादल पर भ्रष्टाचार के आरोपों की बौछार करते ‘भाजपा चले जाओ’ का नारा बुलंद किया। राष्ट्रवादी कांग्रेस के शहराध्यक्ष पद की कमान संभालने के बाद अजीत गव्हाने के कार्यकाल के इस पहले ही आंदोलन में राष्ट्रवादी के सभी स्थानीय नेताओं और उनके गुट एकजुट नजर आए। करीबन दो हजार कार्यकर्ताओं के साथ निकाले गए इस मोर्चे से पुणे- मुंबई हाइवे की पुणे लेन पर की ट्रैफिक घंटों तक प्रभावित रही।
चिंचवड स्टेशन चौक से आज सुबह इस महामोर्चा की शुरुआत हुई। पिंपरी-चिंचवड महानगरपालिका भवन के सामने पहुंचने के बाद यह मोर्चा एक विशाल सभा में तब्दील हो गया। इसमें राष्ट्रवादी के एक से एक धुरंदर नेताओं ने अपने जोशीले भाषणों में भ्रष्टाचार के एक से एक आरोपों से न केवल सत्तादल भाजपा को घेरने की कोशिश की बल्कि राष्ट्रवादी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में जान भी फूंकी। नदी सुधार, स्मार्ट सिटी की परियोजनाओं से लेकर कोरोना के आपदा काल में किये गए राहत कार्य और कूड़ा प्रबंधन से लेकर कुत्तों की नसबंदी तक के कामों में भ्रष्टाचार के एक से बढ़कर एक उदाहरण इस सभा में राष्ट्रवादी के नेताओं और नगरसेवकों ने पेश किए राष्ट्रवादी कांग्रेस जिंदाबाद, शरद पवार, अजित पवार जिंदाबाद, भ्रष्टाचारी सत्ताधारी चले जाओ, भाजपा चले जाओ के नारों के साथ अब की बार सौ पार के संकल्प रूपी जयकारों से पूरा पिंपरी चौक इलाका गूंज उठा।