Home Crime सीएम शिंदे का बड़ा ऐलान, महाराष्ट्र में कम होगी पेट्रोल, डीजल की...

सीएम शिंदे का बड़ा ऐलान, महाराष्ट्र में कम होगी पेट्रोल, डीजल की कीमत

109
0

महाराष्ट्र में पेट्रोल और डीजल की कीमत बहुत जल्दी सस्ती होगी. मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ऐलान किया है कि महाराष्ट्र में पेट्रोल और डीजल पर से वैट को कम करेंगे. महाराष्ट्र में दिल्ली के मुकाबले में पेट्रोल की कीमत 14 रुपये महंगा है. 21 मई को केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर 8 रुपये और 6 रुपये का उत्पाद शुल्क घटा दिया था. इसके बाद देश के अधिकांश राज्यों ने भी वैट में कुछ कटौती की थी जिससे पेट्रोल और डीजल के दाम में 8 से 10 रुपये तक की कमी आई थी. गैर-बीजेपी शासित कुछ राज्यों ने वैट कम नहीं किया जिसके कारण वहां पेट्रोल और डीजल की कीमत में मामूली कमी हुई. महाराष्ट्र में उद्धव सरकार के जाने के बाद मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विश्वास मत हासिल करते हुए इस संबंध में बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में पेट्रोल और डीजल पर वैट में कमी की जाएगी. इससे राज्य में पेट्रोल और डीजल की कीमत में और ज्यादा कमी होने वाली है.
फ्लोर टेस्ट में विश्वास मत हासिल होने के तुरंत बाद सीएम शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र ईंधन पर मूल्य वर्धित कर (वैट) को कम करेगा, जिससे राज्य में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बड़ी कमी आएगी. हालांकि वैट में कितने की कमी की जाएगी, अभी इस बारे में जानकारी प्राप्त नहीं हुई है. पिछले साल नवंबर में केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में 5 और 10 रुपये की कटौती की थी. इसके बाद इस साल मई में फिर से केंद्र ने उत्पाद शुल्क में कटौती की घोषणा की थी. इसके बाद कई राज्य सरकारों ने वैट में कमी कर दी जिससे पेट्रोल की कीमत 90 से 96 रुपये के बीच आ गई. प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष शासित राज्यों से लोगों को राहत देने के लिए ईंधन पर वैट में कटौती का सुझाव दिया था लेकिन कुछ राज्यों ने इसे नहीं माना. महाराष्ट्र भी उनमें से एक है.