Home Maharashtra ‘इंटरनेशनल’ शादी, बैलगाड़ी पर दूल्हा देखने 9 मुल्कों से आए मेहमान

‘इंटरनेशनल’ शादी, बैलगाड़ी पर दूल्हा देखने 9 मुल्कों से आए मेहमान

39
0

मुंबई: महाराष्ट्र के एक गांव की शादी काफी चर्चा में है. इस शादी को ‘महाराष्ट्र की इंटरनेशनल शादी’ कहा जा रहा है. दूल्हा महाराष्ट्र का, दुल्हन यूरोपीय देश ऑस्ट्रिया की और शादी में शिरकत करने वाले मेहमान अलग-अलग देशों से. बारात निकली, लेकिन दूल्हा घोड़ी पर नहीं चढ़ा. वो अपनी दुल्हन के साथ बैलगाड़ी पर नाचते-गाते आया. फिर देसी रीति-रिवाज से दोनों शादी के बंधन में बंध गए.

आजतक के विकास राजूरकर की रिपोर्ट के मुताबिक ये शादी महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के सावली गांव में हुई. गांव के रहने वाले हेमंत आभारे इंजीनियर हैं. उन्हें ऑस्ट्रिया की रहने वाली यूडीथ से प्यार हुआ. बात आगे बढ़ी. दोनों के परिवार शादी के लिए राज़ी हुए. शादी की तारीख तय हुई, 12 फरवरी. शादी का कार्ड छपवाया गया. रिश्तेदारों और दोस्तों को बुलाया गया.

बताया जा रहा है कि इस शादी में 9 देशों से मेहमानों ने शिरकत की. ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना से दुल्हन और उसका परिवार पहुंचा. साथ में नीदरलैंड, स्पेन, दक्षिण अफ्रीका, अमेरिका सहित कई देशों से आए मेहमान सावली गांव पहुंचे.

12 फरवरी को जब बारात निकली, तो लोग देखते रह गए. बैंड-बाजे के साथ बैलगाड़ी पर बारात निकली. एक बैलगाड़ी पर दूल्हा और दुल्हन खड़े थे. ठुमके लगा रहे थे. बारात में शामिल हुए विदेशी मेहमान भी बैंड-बाजे की धुन पर खुद को थिरकने से रोक ना सकें. देसी रीति-रिवाजों के साथ हेमंत और यूडीथ की शादी संपन्न हुई.