Home Maharashtra गढ़चिरौली में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुए एनकाउंटर में 12 नक्सलियों...

गढ़चिरौली में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुए एनकाउंटर में 12 नक्सलियों के मारे जाने की खबर

12
0

गढ़चिरौली : महाराष्‍ट्र के नक्‍सली प्रभावित गढ़चिरौली में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने भीषण एनकाउंटर में 12 नक्‍सलियों को मार गिराया है. नक्‍सलियों और पुलिसवालों के बीच तकरीबन 6 घंटे तक मुठभेड़ चली. भीषण एनकाउंटर में पुलिस ने 12 नक्‍सलियों को ढेर कर दिया. कुछ नक्‍सलियों के मौके से भागने की भी सूचना है. बता दें कि छत्‍तीसगढ़ की सीमा से लगते गढ़चिरौली के घने और पहाड़ी क्षेत्रों में नक्‍सली सक्रिय रहते हैं. नक्‍सली अक्‍सर घने जंगलों का फायदा उठाकर घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं. कई बार देखा गया है कि नक्‍सली किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के बाद जंगल क्षेत्र होते हुए छत्‍तीसगढ़ की सीमा में भी प्रवेश कर जाते हैं, ऐसे में उन्‍हें दबोच पाना कई बार मुश्किल हो जाता है.


गढ़चिरौली में पुलिस-नक्‍सली एनकाउंटर में 2 जवानों को भी गोली लगने की बात सामने आई है. घायल दोनों जवानों को बेहतर इलाज के लिए नागपुर शिफ्ट किया गया. जानकारी के अनुसार, दोनों अब खतरे से बाहर हैं. हाल फिलहाल के दिनों में गढ़चिरौली में नक्‍सलियों के खिलाफ पुलिस को मिली यह बड़ी सफलता है. जवानों ने मुठभेड़ स्‍थल से बड़ी मात्रा में हथियारों का जखीरा बराम किया है. सात ऑटोमैटिक राइफल के साथ ही 3 AK-47 भी जब्‍त की गई है. बता दें कि यह मुठभेड़ कांकेर और गढ़चिरौली की सीमा पर हुई है.
डिप्‍टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने की बड़ी घोषणा
गढ़चिरौली में नक्‍सलियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी के बाद महाराष्‍ट्र के डिप्‍टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने एनकाउंटर टीम में शामिल जवानों के लिए बड़ी घोषणा की है. फडणवीस ने मुठभेड़ में 12 नक्‍सलियों को मार गिराने वाले पुलिसकर्मियों को 51 लाख रुपये बतौर इनाम देने का ऐलान किया है. बता दें कि पुलिस और नक्‍सलियों के बीच तकरीबन 6 घंटे तक मुठभेड़ चली. जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ बुधवार दोपहर बाद शुरू हो गई थी, जो देर शाम तक चलती रही. इसमें पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है.
मार्च में भी हुई थी मुठभेड़
बता दें कि इस साल मार्च में भी गढ़चिरौली में बड़ा एनकाउंटर हुआ थ. एनकाउंटर में 4 नक्सली मारे गए थे. महाराष्‍ट्र पुलिस को खुफिया जानकारी मिली थी कि एक बड़ा नक्सल ग्रुप लोकसभा चुनावों में बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए गढ़चिरौली के जंगलों में छिपा है. इसके बाद महाराष्ट्र पुलिस की स्पेशल C-60 कमांडो और CRPF के कमांडो ने जंगली इलाके में ऑपरेशन शुरू कर दिया था. काफी देर देर तक नक्सली और पुलिस के बीच एनकाउंटर चला था. बाद में पुलिस ने मौके से 4 नक्सलियों के शव बरामद किए थे. उस वक्‍त भी पुलिस ने नक्सलियों के पास से एके 47 राइफल समेत कई हथियार बरामद किए थे.